युवक की हत्या कर शारदा सहायक नहर में फेंका शव
हरचंदपुर (रायबरेली) थाना क्षेत्र होकर गुजरी शारदा सहायक नहर में रविवार को एक युवक
हरचंदपुर (रायबरेली) : थाना क्षेत्र होकर गुजरी शारदा सहायक नहर में रविवार को एक युवक का अर्द्धनग्न शव मिला। मृतक के चेहरे पर चोट और उससे बहे खून के निशान साफ कह रहे हैं कि यह सामान्य हादसा नहीं बल्कि हत्या करके शव को नहर में ठिकाने लगाया गया। वारदात कहां हुई और किसने अंजाम दिया, इसकी पड़ताल पुलिस कर रही है। साथ ही मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास भी जारी है।
क्षेत्र में हिलगी गांव के निकट शारदा सहायक नहर पर एक पुल है। सुबह लोग शौच के लिए नहर के पास गए थे, तभी पुल के नीचे एक युवक का शव देखा। युवक के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर और बनियान ही थी। उसके मुंह और नाक में चोट के निशान थे। जहां चोट लगी थी वहां खून लगा था जो सूख चुका था। गले में भी निशान मिले। एसओ राज कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को निकलवाया और आसपास लोगों से पूछताछ की। मगर, घटना को लेकर पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लगे। मृतक की पहचान कराने के लिए तमाम ग्रामीणों को बुलाया गया था। बावजूद इसके युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कोट
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद ऐसा लग रहा है कि युवक की हत्या हुई। कहीं और घटना को अंजाम देकर शव नहर में फेंक दिया गया। जिससे वह बहकर यहां तक पहुंच गया। वारदात को किसने, कहां और क्यों अंजाम दिया, इसका पता लगाया जा रहा है।
-राज कुमार सिंह
थानाध्यक्ष, हरचंदपुर