गला दबाकर मारा, फिर सोनी को फांसी पर लटकाया
लालगंज (रायबरेली) रविवार रात फांसी पर लटकी मिली महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है।
लालगंज (रायबरेली): रविवार रात फांसी पर लटकी मिली महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। उसने आत्महत्या नहीं की थी। पहले उसे गला दबाकर मारा गया फिर शव फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम सीतारामपुर में सोनी पत्नी अजय यादव का शव कमरे के अंदर पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला था। मृतका के भाई राजेश कुमार निवासी दाउद शाहपुर थाना गदागंज ने बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि ससुरालीजन शादी के बाद से ही पांच लाख रुपये की नकदी व बोलेरो गाड़ी की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। इसी को लेकर उसकी बहन की हत्या की गई है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला का गला दबाए जाने की बात सामने आई है। इससे साफ है कि उसकी हत्या हुई थी। शिकायती पत्र के आधार पर मृतका के पति अजय यादव, ससुर देशराज, सास रामपती, ननद पम्मी व अन्नू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अन्नू को छोड़ अन्य चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजा जा रहा है।