'घर-घर में संदेश दो, वोट दो-वोट दो'
रायबरेली लोकतंत्र सजाना-संवारना है तो घर से निकलना होगा। बूथ तक जाना ही पड़ेगा। पांच सा
रायबरेली : लोकतंत्र सजाना-संवारना है तो घर से निकलना होगा। बूथ तक जाना ही पड़ेगा। पांच साल इंतजार करने की बजाय, पांच कदम चल कर बूथ तक जरूर जाएं। वोट बेशकीमती है। इसका भान रहे। देश की तकदीर, तस्वीर और आपका भविष्य इसी वोट से तय होता है। तरक्की के आयाम लिखने, आने वाली पीढि़यों के सुनहरे भविष्य का सपना साकार करने के लिए मतदान को सबसे बड़ा पुण्य मानते हुए वोट डालने निकलें। यही बताने के लिए 'दैनिक जागरण' ने शनिवार को जगह-जगह जागरूकता के कार्यक्रम किए। कहीं संकल्प दिलाकर तो कहीं बाइक रैली निकालकर। जिलाधिकरी समेत पुलिस अधीक्षक व शहर के मानिद लोग 'जागरण' की इस मुहिम हिस्सेदार बने।
निकली बाइक रैली, किया जागरूकता
कचहरी रोड स्थित दैनिक जागरण कार्यालय से शनिवार को बाइक रैली निकाली गई। इस रैली को हरी झंडी दिखाने जिलाधिकारी नेहा शर्मा और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह मौके पर आए। रैली में बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हुईं। 'घर-घर में संदेश दो, वोट दो वोट दो', 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो', 'जन-जन को चेताना है, मतदाता को जगाना है' सहित अन्य स्लोगन लिखी तख्तियां लोगों के हाथों में थी। बाइक रैली हाथी पार्क चौराहा, यूनियन बैंक चौराहा, सुपर मार्केट, जिला अस्पताल चौराहा समेत अन्य रास्तों से गुजरी। इस मौके पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री अतुल गुप्ता, संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, सरदार अवतार सिंह छाबड़ा, संदीप जैन, प्रदीप जायसवाल, चंद्र प्रकाश गुप्ता, अतुल यादव, मुदित, पवन गुप्ता, संजय जायसवाल, सभासद पूनम तिवारी, स्नेहलता त्रिवेदी, प्रियंका अवस्थी, ऊषा किरन सिंह, रघुवीर सिंह छाबड़ा, सभासद महादेव त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
खुद वोट डालेंगे, दूसरों को प्रेरित करेंगे
दैनिक जागरण की ओर से शहर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लीडर ट्रेनर लक्ष्मीकांत शुक्ल ने सभी प्रशिक्षुओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षुओं ने संकल्प लिया कि छह मई को खुद वोट डालेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए घर से निकालकर बूथ तक ले जाएंगे। डायट प्राचार्य विमलेश विजय के साथ ही आशुतोष तिवारी, सूर्य प्रकाश, अभिवेक श्रीवास्तव, श्याम सिंह, आरएन सिंह, अभिषेक द्विवेदी आदि ने भी प्रशिक्षुओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
जागरण दफ्तर आकर मुहिम का बने हिस्सा
दैनिक जागरण की इस मुहिम का पता चला तो शहर के विभिन्न क्षेत्रों के मानिद लोग भी दफ्तर आए। स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। इन लोगों ने जागरण टीम के साथ जगह-जगह जाकर मतदान के लिए लोगों को जागरूकता किया। इसमें अमिताभ पांडेय, सोनू गांधी, अजीत सिंह सेठ, रामानंद सोनकर, रोहित गांधी, शंभू, अनिल, राकेश, अमित आदि शामिल रहे।