पति को सामने देख पत्नी ने बदला पाला, एक जवाब से प्रेमी का खत्मा Raibareilly News
पुणे में ईंट भट्टे में काम करता था मृतक। पत्नी के साथ कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में मिला प्रेमी। कुल्हाड़ी से कर डाली हत्या।
रायबरेली, जेएनएन। जिले में प्रेमी संग पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख पति आग बबूला हो गया। पति को सामने देख पत्नी ने तुरंत पाला बदला और प्रेमी की हत्या करवा दी। पहले लाठी-डंडों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से कई वार कर काट डाला। आरोपित दंपती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पहले पीट-पीटकर किया लहूलुहान, फिर कुल्हाड़ी से काटा
मामला भदोखर थाना के पूरे गुरू मजरे सूरजकुंडा गांव का है। यहां की रहने वाली कुसुमा (35) पत्नी लक्ष्मण के बेलाभेला निवासी फूलचंद्र (40) पुत्र रामदेव से अवैध संबंध थे। फूलचंद्र पुणे में ईंट भट्टे में काम करता था। लगभग दस दिन पहले ही वह अपने गांव लौटा था। इस बार भी जब वह छुट्टी पर आया तो कुसुमा से मिलने गया। जिस पर उसके पति लक्ष्मण ने आपत्ति जतायी। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात पति लक्ष्मण अपने पैत्रक घर सोने निकल गया। तभी फूलचंद्र अपनी प्रेमिका कुसुमा के घर पहुंचा और वहीं रुक गया। रात लगभग एक बजे लक्ष्मण वापस अपने घर पहुंचा।
इस दौरान फूलचंद्र उसकी पत्नी के साथ कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में मिला। यह देख आगबबूला हुआ लक्ष्मण डंडे से फूलचंद्र को पीटने लगा। तभी कुसुमा ने जबरन संबंध बनाने का आरोप फूलचंद्र पर लगा दिया। इसके बाद दोनों ने पहले लाठी डंडे से पीट-पीटकर फूलचंद्र को लहूलुहान कर दिया। बाद में उसे कुल्हाड़ी से काट डाला।
शव के पास पड़ा था हथियार
शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए। सूचना पर मौके पर प्रभारी निरीक्षक भदोखर आरआर कुशवाहा मय पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने आरोपित दंपती को हिरासत में ले लिया। मृतक फूलचंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी डंडा और कुल्हाड़ी को मौके से बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पत्नी ने दी तहरीर
बेलाभेला निवासी मृतक फूलचंद्र की पत्नी राजकुमारी ने तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम उनके पति को फोन आया था। जिसके बाद वह पूरे गुरू कुसुमा से मिलने गया। वहीं, पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसके पति की हत्या कर दी गई। फूलचंद्र के दो बेटे आजाद (18) नितीश (10) हैं।
क्या कहती है पुलिस?
सीओ सिटी गोपीनाथ सोनी के मुताबिक, अवैध संबंध के चलते फूलचंद्र की हत्या की गई। आरोपित कुसुमा और लक्ष्मण को हिरासत में लिया गया है। हत्या की धारा में मुकदमा भी दर्ज हो गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप