पागल सियार ने सोते समय पांच को काटा, ग्रामीणों ने दूसरे दिन मार डाला
रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र में एक पागल सियार ने सोते हुए पांच ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, महराजगंज (रायबरेली)। पूरे सधई मजरे अतरेहटा व छोटी गढ़ी में बुधवार रात पागल सियार ने जमकर आतंक मचाया। सियार ने घरों के दरवाजे व बरामदे में घुसकर सो रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
घटना में बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी महराजगंज में एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई। गुरुवार की रात फिर सियार दिखा तो पहले से तैयारी से रहे ग्रामीणों से लाठी डंडों से पीटकर उसे मार दिया।
छोटी गढ़ी में बुधवार देर रात करीब 11 बजे घर के बाहर सो रही प्रांशी पर सियार ने हमला कर दिया। इसके बाद सधई मजरे अतरेहटा में सुमित, रामरती, बाबू लाल और छोटे को काटकर घायल कर दिया।
सभी के हाथ-पैर व चेहरे पर जख्म हैं। एक घर से भगाया गया तो आगे जाकर दूसरे घर के लोगों को काटकर घायल कर दिया। पूरी रात ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहरा देते रहे, लेकिन सियार न मिला। गुरुवार की रात ग्रामीण दरवाजे सोने से बचते रहे।
इसी बीच देर रात ग्रामीणों को सियार गांव के किनारे दिख गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसे मार दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में सियारों की संख्या बढ़ गई है। वन विभाग की टीम भेजकर अभियान चलाया जाए, जिससे दोबारा ऐसी घटना न हो।
समय से टीका लगना जरूरी
सीएचसी के डाॅ. गणनायक पांडेय ने बताया कि सभी पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंटी रैबीज वैक्सीन लगा दी गई है। सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि जंगली जानवर के काटने पर तुरंत घाव को साबुन से धोकर टीका लगवाना चाहिए। झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़े। घायलों को 3, 7, 14 व 28वें दिन अगली डोज के लिए बुलाया गया है।
