पति पर ताना तमंचा, तलाक बोलवाया और कर लिया अपहरण
रायबरेली : सलोन सर्किल में शुक्रवार रात एक युवक का अपहरण उसी की पत्नी ने अपने रिश्तेदारो
रायबरेली : सलोन सर्किल में शुक्रवार रात एक युवक का अपहरण उसी की पत्नी ने अपने रिश्तेदारों के सहयोग से कर लिया। पुलिस ने सक्रियता दिखायी और देर रात उसे अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया। बाद में जो कहानी सामने आयी, वो काफी चौकाने वाली रही।
परशदेपुर चौकी क्षेत्र के जगतपुर निवासी रियासत का रात लगभग आठ बजे अपहरण हो गया। उसके मामा मुस्तफा ने इसकी सूचना दी। पुलिस ने नाकेबंदी की तो नसीराबाद के बभनपुर के पास एक बोलेरो खड़ी मिली। पास ही पांच छह लोग खड़े थे। पुलिस को देखते ही अपहर्ता वहां से भाग निकले। मौके से रियासत और उसकी पत्नी फिरोजजहां पुलिस को मिले। दोनों को डीह थाने लाया गया। यहां रियासत ने बताया कि उसकी पत्नी अपने मामा और तीन-चार अन्य लोगों के साथ उसके घर आए। पत्नी ने असलहे के बल पर उससे तलाक बुलवाया और सादे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए। फिर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर भाग निकले। रास्ते में गाड़ी पर बैठे लोग उसे जान से मारने की रणनीति बना रहे थे। मगर मौके से पहुंची पुलिस ने उसकी जान बचा ली।
थानाध्यक्ष लालचंद्र सरोज ने बताया कि पीड़ित रियासत का विवाह 13 वर्ष पहले पूरे नयन मजरे कांटा निवासी फिरोज जहां के साथ हुआ था। इनके दो बेटियां व एक बेटा भी है। पिछले छह वर्ष से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।