दिनभर बरसे बदरा, शहर से गांव तक पानी-पानी
शहर के मुहल्लों में जलभराव से आवागमन बाधित दिनभर घरों में दुबके रहे लोग किसानों के खिले चेहरे
रायबरेली : रविवार को मौसम का मिजाज बदला। देर रात से शुरू हुई बारिश दिनभर होती रही। गांव से लेकर शहर तक सभी जगह जमकर बरसात हुई। इससे चारो ओर पानी ही पानी हो गया। खेत, खलिहान भर गए। शहर के मुहल्लों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान तेज तो कभी हल्की बारिश का दौर दिनभर चलता रहा। शनिवार की देर रात जिलेभर में बारिश शुरू हो गई। सुबह लोगों की आंखे खुली तो तेज बारिश के साथ चारो पानी देखा। गांवों में खेत पानी से भर गए। सबसे ज्यादा बारिश डलमऊ क्षेत्र में हुई। यहां लोगों के खेतों में मेड़ के ऊपर तक पानी भरा रहा। शहर के निराला नगर, सत्य नगर, नया पुरवा, सोनिया नगर, कैलाशपुरी, घोसियाना, तिलियाकोट, प्रकाश नगर मुहल्लों में जल भराव हो गया। कई जगह लोगों के घरों में पानी भर गया। दिनभर बारिश होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे। कृष्णा नगर, सम्राट नगर मुहल्ले में सीवर लाइन का काम चलने के कारण दलदल हो गया। लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश से किसानों को भी काफी फायदा हुआ है। खेतों में पानी भरने से किसानों ने धान की रोपाई का काम तेज कर दिया है। 48 घंटे तक होगी बारिश
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 48 घंटे बारिश होगी। आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवाएं भी चलेंगी। 15 मिलीमीटर तक बरसात होने के पूरे आसार हैं।
शनिवार सुबह आठ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक बारिश
सदर- 5.30 मिलीमीटर
सलोन- 5 मिलीमीटर
महराजगंज- 2.5 मिलीमीटर
ऊंचाहार- 5.6 मिलीमीटर
डलमऊ- 11 मिलीमीटर
लालगंज- 9 मिलीमीटर
औषत बारिश- 6.55 मिलीमीटर