रायबरेली में एनटीपीसी प्लांट जा रही मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे, रोका गया कई गुड्स ट्रेन संचालन
Good Train Derailed: रेलवे की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच करने के साथ ही पटरी को दुरुस्त करने में जुटी।

मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतर गए
HighLights
लखनऊ से रेलवे की टीम ने पटरी व मालगाड़ी को किया दुरुस्त
मालगाड़ी के पहिए किस वजह से पटरी से उतरे, जांच की जा रही
जागरण संवाददाता, रायबरेली। अरखा रेलवे स्टेशन से एनटीपीसी ऊंचाहार प्लांट के लिए गए रेलमार्ग पर गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतर गए। हादसे के बाद इस रेलमार्ग पर मालगाड़ियों का संचालन रोक दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारियों में खलबली मच गई और लखनऊ से रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर पटरी व मालगाड़ी को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया।
मालगाड़ी गुरुवार सुबह एनटीपीसी प्लांट परिसर में जा रही थी। इसी दौरान मालगाड़ी की एक बोगी के दो पहिए पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई। इसके बाद संबंधित विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया। टीम ने डिरेल हुए पहियों को पटरी पर लाने और रेलमार्ग को सुचारु करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू किया।
घटना के कारण एनटीपीसी के लिए आने-जाने वाली मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलमार्ग पर आवागमन रोक दिए जाने से अन्य मालगाड़ियों को आगे नहीं भेजा जा सका। रेलवे की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच करने के साथ ही पटरी को दुरुस्त करने में जुटी। अधिकारियों की निगरानी में काम कराया गया, ताकि रेलमार्ग को सुरक्षित तरीके से बहाल किया जा सके।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ मोहम्मद इजहार कलीम अहमद , स्टेशन अधीक्षक अरखा जेपी यादव , ऊंचाहार स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी ,लोको चीफ क्रू कंट्रोलर गंभीर सिंह, कैरिज एवं वैगन इंचार्ज एके यादव ,आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसके सिंह यादव, सहायक मंडल अभियंता प्रयागराज व अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है।
एडीआरएम सूर्यवीर सिंह ने बताया कि मालगाड़ी के पहिए किस वजह से पटरी से उतरे, जांच की जा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेलमार्ग की तकनीकी जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही इस मार्ग पर मालगाड़ियों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एनटीपीसी के महाप्रबंधक मानव संसाधन पंकज कुमार ने बताया कि रेलवे के अधिकारियों से लें, उस संदर्भ में हम कुछ बता नहीं सकते हैं।
पहले भी हो चुकी है घटना
एनटीपीसी प्लांट परिसर में 17 सितंबर को वैगन ट्रिपलर में मशीन में मालगाड़ी का डिब्बा फंसने से आवागमन बाधित हुआ था। जिस दौरान भी ट्रेन संचालन रोका गया था, लखनऊ की टीम पहुंचने के बाद संचालन 20 घंटे बाद बहाल हो सका था। जिसकी जांच अभी विचाराधीन है।
