मामा के घर से लौटी बालिका गायब, खोजबीन शुरू
गांव में आखिरी बार किराना की दुकान पर मिली लोकेशन
रायबरेली : कोतवाली क्षेत्र के कुंडवल गांव की आठ वर्षीय बालिका अपनी मां के साथ बुधवार को मामा के यहां से लौटी थी। लेकिन, थोड़ी देर बाद ही वह घर से गायब हो गई। शाम तक घर न आने पर खोजबीन की गई। पता न चलने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
गांव निवासी रेनू पत्नी नन्हकू अपनी आठ वर्षीय पुत्री के साथ मायके डोमापुर से लौटी थी। महिला को घर छोड़कर उसका भाई कमलेश वापस लौट गया। मामा के पीछे ही बालिका भी घर से पैदल निकली। पास में ही एक दुकान से उसने खाने का सामान लिया और फिर घर लौटकर नहीं आई। शाम तक घर न लौटने पर परिवारजन ने खोजबीन शुरू की। उसका कहीं पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर प्रजापति गांव पहुंचे और खोजबीन की गई। ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही बालिका की फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। क्षेत्राधिकारी इंद्रपाल सिंह ने कहा कि बालिका की खोजबीन के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। संभव है कि वह मामा के पीछे पैदल निकली और कहीं रास्ता भटक गई हो या फिर कारण कुछ भी हो। हर दिशा में जांच करने के साथ ही खोजबीन के प्रयास जारी हैं। सर्विलांस टीम की मदद भी ली जा रही है। किशोरी के गायब होने से मां रेनू का रो-रोकर बुरा हाल है।