विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तराई में बाढ़ का तांडव: कई इलाकों से संपर्क टूटा, खतरे के निशान से महज कुछ सेंटीमीटर दूर गंगा का जलस्तर

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:58 PM (IST)

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे रायबरेली के डलमऊ स्थित तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है और संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, लगातार बढ़ रहा।

  2. तटवर्ती गांवों के संपर्क मार्ग बाधित, ग्रामीणों को परेशानी।

  3. बिजली कटौती और जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन अलर्ट।

संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। गंगा का बढ़ता जलस्तर अब तटवर्ती गांवों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। कटरी व गंगा घाट को जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया है। कटान के कारण मार्ग से निकलना मुश्किल है। इसके साथ ही गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

जमाल नगर मोहद्दीनपुर में कटरी की ओर आवागमन के लिए बनी कच्ची सड़क पर बाढ़ का पानी भर गया। इससे कटरी जाने का संपर्क मार्ग बाधित हो गया है। सड़क जलमग्न होने से कटरी में रुकने के लिए बने अड्डों से सामान सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की ओर से जलस्तर की निगरानी की जा रही है। केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के अनुसार बुधवार को गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 99.360 मीटर के सापेक्ष 98.670 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार बढ़ते पानी ने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

डूबे घाट, ऊंचाई पर हो रहा अंतिम संस्कार

बाढ़ के पानी में स्नान घाट डूब जाने से श्रद्धालुओं को स्नान करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, श्मशान घाट में पानी भर जाने के कारण लोगों को ऊंचाई वाले स्थान पर अंतिम संस्कार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बिजली कटौती बनी मुसीबत

गंगा के बढ़ते पानी के बीच बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। जमाल नगर मोहद्दीनपुर निवासी अभिषेक कुमार, उदयभान, धनेश त्रिवेदी और रामबचन ने बताया कि गांव के किनारे तक पानी पहुंच चुका है। रात में बिजली न रहने से जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता है। सोलर लाइट की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बाढ़ को देखते हुए पर्याप्त रोशनी और बिजली आपूर्ति की मांग की है।

बाढ़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट

लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। बुधवार को तहसीलदार यशवंत सिंह ने कटरी क्षेत्र के गांव का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की। एसडीएम प्रीति सिंह का कहना है कि बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए बाढ़ चौकियाें को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जल स्तर की निगरानी की जा रही है। बाढ़ का पानी अभी गांव से दूर है।

तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

गोकर्ण तीर्थ गोकना घाट का एसडीएम विवेक राजपूत, तहसीलदार सुनील कुमार व डलमऊ तहसीलदार जसवंत सिंह ने निरीक्षण किया। मां गंगा गोकर्ण कल्याण सेवा समिति के सचिव वरिष्ठ पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, फिर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम की आवश्यकता है।