तेज रफ्तार ट्रक ने पांच गायों की जान ली
संवादसूत्र, अमावां (रायबरेली) : सड़क पर आश्रय ले रहे मवेशियों की जान खतरे में है। न तो प्र
संवादसूत्र, अमावां (रायबरेली) : सड़क पर आश्रय ले रहे मवेशियों की जान खतरे में है। न तो प्रशासन कुछ कर रहा है और न ही गो रक्षा का दावा करने वाले संगठन। इसी का नतीजा है कि मिल एरिया थाना क्षेत्र में प्रगतिपुरम के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर लेटी पांच गायों को रौंद डाला। घंटों तड़पने के बाद गायों की मौत हो गई। इस दौरान किसी का दिल नहीं पसीजा। मूक जानवर सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस का हाल यह रहा कि वह गायों के किनारे घेरा बनाकर चलती बनी।
रविवार रात प्रगतिपुरम चौराहे के पास लखनऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठी पांच गायों को टक्कर मार दी। इस घटना में पांचों गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। जब सुबह हुई तो लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गायों के चारों ओर घेराबंदी की और चली गई। उसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना नगर पालिका को दी लेकिन नगर पालिका का कोई कर्मचारी गायों को हटाने के लिए नहीं पहुंचा। हालांकि, इस दौरान तमाशबीनों का तांता लगा रहा लेकिन गाय के प्रति किसी का मोह नहीं जागा। जागरण ने चेताया, प्रशासन ने भुलाया
जिस दिन से जिले में बारिश शुरू हुई उस दौरान से पूरे जिले में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। जिनके घर में पशु थे उन्होंने उन्हें छुट्टा छोड़ दिया। वहीं आवारा मवेशी भी गांव को छोड़कर सड़कों पर आ डटे। इस समस्या पर दैनिक जागरण ने 7 अगस्त को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसमें इन मवेशियों की जान पर बड़ा खतरा बताया गया था। उसके बाद भी प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की। उसी का परिणाम की पांच गायों की दर्दनाक मौत सड़क पर हो गई।