पहले हाथ सैनिटाइज कीजिए फिर अंदर जाइए
अफसरों कर्मचारियों समेत हर खास-ओ-आम की सुरक्षा के लिए आरडीए ने लगवाई मशीन। इस मशीन में एक साथ 10 लीटर सैनिटाइजर भर दिया जाता है।
रायबरेली : अपने अफसरों, कर्मचारियों के साथ ही हर खास-ओ-आम की सुरक्षा के लिए रायबरेली विकास विकास प्राधिकरण में ठोस कदम उठाए गए हैं। यहां कुछ ऐसा इंतजाम है कि लोगों के हाथ सैनिटाइज कराने के लिए किसी कर्मचारी की जरूरत नहीं होती। यहां लोग खुद ही अपने हाथ सैनिटाइज करके आते-जाते हैं।
विकास प्राधिकरण के कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही हैंड सैनिटाइजर के लिए मशीन लगाई गई है। इस मशीन में एक साथ 10 लीटर सैनिटाइजर भर दिया जाता है। लोग जैसे ही मशीन के नीचे अपने हाथ ले जाते हैं, वेैसे ही अपने आप सैनिटाइजर निकलने लगता है। यही नहीं एक बार सैनिटाइजर भरने के बाद, करीब एक हजार लोग अपने हाथ सैनिटाइज कर सकते हैं। इससे फायदा यह है कि किसी कर्मचारियों को हैंड सैनिटाइजर लेकर नहीं बैठना पड़ता। यह प्रक्रिया इतनी सरल और सहज है कि लोग भी हैंड सैनिटाइज करने से नहीं कतराते।
हर किसी की सहूलियत के लिए प्रयास : आरडीए के प्रभारी सचिव एके राय का कहना है कि हर किसी की सहूलियत के लिए यह प्रयास किया गया है। हैंड सैनिटाइजर के साथ ही कार्यालय में थर्मल स्कैनिग की भी व्यवस्था की गई है। बिना परीक्षण के किसी को भी कार्यालय में प्रवेश न देने के सख्त आदेश हैं।