पति, सास-ससुर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बछरावां (रायबरेली) विवाहिता की आग से झुलसकर मौत होने के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या क
बछरावां (रायबरेली): विवाहिता की आग से झुलसकर मौत होने के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संगीन वारदात में पति, सास-ससुर व ननद को आरोपित बनाया गया है। पुलिस तहकीकात कर रही है।
कस्बे में शिवगढ़ रोड निवासी चंद्रकांता पत्नी अभिषेक जायसवाल उर्फ गोपाल 13 मार्च की रात किचेन में संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई थीं। उसे इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। तब बताया गया कि दूध गर्म करते वक्त वह झुलस गईं। इलाज के दौरान 22 मार्च को उसकी मौत हो गई थी। इसी प्रकरण में रविवार को मृतका चंद्रकांता के पिता गया प्रसाद ने ससुरालीजन के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें पति अभिषेक, सास आशा, ससुर विनोद और ननद सुप्रिया को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गया प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 नवंबर 2017 को अभिषेक के साथ हुई थी। तभी से दहेज में आभूषण और लग्जरी गाड़ी की मांग होने लगी थी। पांच माह पूर्व चंद्रकांता को जुड़वा बेटियां हुईं। इस पर खुशी मनाने के बजाए उनकी बेटी का और उत्पीड़न होने लगा। ससुराल वालों ने मिलकर दहेज की खातिर उनकी बेटी को मार डाला। कोतवाल रवेंद्र सिंह ने बताया कि हम आरोपितों की तलाश कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।