दो पक्षों में मारपीट, मां-बेटी की हालत गंभीर
महेशीपुर अरखा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई
रायबरेली : महेशीपुर अरखा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनकी हालत नाजुक देख सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव की रहने वाली रामलली का परिवार के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को विवादित भूमि पर दूसरे पक्ष के लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी डलवा रहे थे। रामलली ने इसका विरोध किया। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला और उसकी बेटी गोल्डी पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से उसे जमकर पीटा। लहूलुहान मां-बेटी को गांव के लोग सीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया है कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
शादी का झांसा देकर युवती से किया दुराचार, हत्या का भी प्रयास रायबरेली : शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुराचार किया गया। विवाह के लिए दबाव बनाने पर उसे जान से मारने की कोशिश हुई। वह थाने पहुंची तो पुलिस ने पूरे दिन बैठाए रखा। इसके बाद छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज कर लौटा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही प्रशांत सिंह ने शादी का झांसा देकर छह साल तक उसके साथ दुराचार किया। उसने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो इंकार कर दिया। उसके घर वालों से बात की तो वहां से भगा दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। इसी बीच 23 जनवरी की रात प्रशांत उसके घर में घुस आया। गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर फरार हो गया। युवती का कहना है कि वह मामले की शिकायत लेकर थाने गई तो वहां पूरे दिन पुलिस ने बैठाए रखा। इसके बाद आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ की एफआइआर लिखकर खानापूरी कर ली। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।