ऊंचाहार में बुजुर्ग की हत्या, अपनों पर संदेह
रात में जिस चारपाई पर सोया था उसी पर सुबह मिली लाश तीन स्वजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
रायबरेली : कोतवाली क्षेत्र के पूरे पलऊ मजरे चड़रई गांव में एक बुजुर्ग हत्या कर दी गई। वह घर के बरामदे में सोया हुआ था, तभी गला घोंट दिया गया। सुबह जब चारपाई पर लोगों ने उसकी लाश देखी तो सनसनी फैल गई। पुलिस शक के आधार पर परिवार के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उम्मीद है कि जल्द इसका राजफाश भी हो जाएगा। गांव निवासी पंचमलाल (58) अपनी पत्नी बिदादेई और छोटे बेटे धीरेंद्र के साथ रहता था। जबकि बड़ा बेटा कल्लू परिवार के साथ गांव में ही अलग रहता है। इस वक्त छोटी बेटी भी मायके आई हुई थी। रात में पंचम घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। जबकि अन्य परिवारीजन घर के अंदर थे। सुबह तक लोगों की नींद टूटी तो चारपाई पर पंचम की लाश मिली। उसकी गले पर मिले निशान साफ कह रहे थे किसी ने गला घोंटा है। सूचना मिलने पर सीओ अशोक कुमार और कोतवाल पंकज तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के छोटे बेटे ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
12 बिस्वा जमीन तो नहीं वारदात की वजह
बताते हैं कि पंचम के पास कुल एक बीघे 12 बिस्वा जमीन थी। जिसमें से 10 बिस्वा पहले ही उसने बेच ली थी। अब 12 बिस्वा जमीन ही शेष बची थी। इसे भी पंचम बेचना चाहता था। यही कलह का कारण था। परिवार में इसका विरोध कर रहे थे। सोमवार की शाम भी विवाद हुआ था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया। इसी नाते पुलिस पंचम के अपनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोट
बुजुर्ग की हत्या की गई है। उसके बेटे ने तहरीर दी है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। जिसने भी इसे अंजाम दिया है, उसे जेल भेजा जाएगा।
-पंकज तिवारी, कोतवाल, ऊंचाहार