पहले ही दौरे में तगड़ा होमवर्क दे गए डिप्टी सीएम
रायबरेली जिला उपेक्षित नहीं रहेगा। अफसरों और माननीयों के बीच खाई भी खत्म होगी। कार्यक
रायबरेली : जिला उपेक्षित नहीं रहेगा। अफसरों और माननीयों के बीच खाई भी खत्म होगी। कार्यकर्ताओं को भी निराश नहीं होना पड़ेगा। ईमानदारी प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इतने ही मूलमंत्र का होमवर्क देकर उप मुख्यमंत्री लखनऊ चले गए। करीब ढाई घंटे में वे प्रशासन, उच्च शिक्षा, पार्टीजनों से मुलाकात करने के बाद मीडिया से भी रूबरू हुए।
रायबरेली के प्रभारी बनने के बाद रविवार को डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस लाइंस स्थित हेलीपैड पर उतरे। जहां से सीधे वे अमावां ब्लॉक के लालूपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने पूर्व विधायक अखिलेश सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। फिर वे कोठी के अंदर जाकर अखिलेश सिंह की पुत्री व सदर विधायक अदिति सिंह से मिले। दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। फिर वे सीधे पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस आ गए। यहां पर उनसे मिलने के लिए अफसरों की टीम खड़ी थी। डॉ. शर्मा ने सबसे बारी-बारी मुलाकात की। बताया कि अब नए अंदाज में काम करना होगा। जहां, सवालों की फेहरिस्त छोटी होगी, वहीं विकास के कामों का सिजरा लंबा चौड़ा होगा।
एडीएम की रही तलाश
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश प्रजापति न जाने कैसे निशाने पर आ गए। लालूपुर में डिप्टी सीएम ने उनकी खोजबीन की। इसके बाद गेस्ट हाउस में भी उन्हें ही तलाशा। उसके बाद एएसपी शशि शेखर सिंह से भी पूछा कि आखिर आप लोग थे कहां।
कार्यकर्ताओं को सिखाया सलीका
नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक के दौरान एक कार्यकर्ता कुछ जोर जोर से अपनी बात कहने लगा। फिर, समझाने के बाद भी वह बोलता रहा। इस पर उन्हें सलीका सिखाया। कहा कि पहले संगठन, फिर जनप्रतिनिधि। जब यहां से काम न बने तो आगे विषय ले जाना चाहिए।
कप और कुल्हड़ गिनती रहीं तहसीलदार
तहसीलदार सदर को शायद आवभगत का जिम्मा सौंपा गया था। ऐसे में वे अपने मातहतों के साथ कप और कुल्हड़ के साथ नाश्ते पर खासी निगाह रखे हीं। जब किसी वीआइपी कमरे से नास्ते की खोजबीन होती तो वे सबसे पहले अपने दो मातहतों हकीकत जांचने अंदर भेजती। फिर, नास्ते का प्रबंध होता।
आर्थिक मंदी का दुष्प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दुनिया में आर्थिक मंदी का दौर है। लेकिन, हमारे प्रधानमंत्री पर देश का पूरा विश्वास है। यहां इसका दुष्प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।
ये लोग रहे मौजूद
गेस्ट हाउस में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष रामदेव पाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह लोहिया, डायरेक्टर अनुभव कक्कड़, विधायक धीरेंद्र सिंह, दल बहादुर कोरी, राम नरेश रावत, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, भाजपा नेता अतुल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, शिव राम सिंह आदि मौजूद रहे।