कांग्रेस का नया पोस्टरः जनेऊधारी के बाद अवतार और युगपुरुष बने राहुल गांधी !
कांग्रेस का नया पोस्टरः अमेठी और रायबरेली में इन दिनों राहुल गांधी को परशुराम का वंशज, जनेऊधारी, अर्जुन का अवतार और युग पुरुष बताने वाले पोस्टर चर्चा का विषय बने हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद कितना बदलेंगे, यह तो वक्त बताएगा लेकिन कार्यकर्ता बदलने को तैयार नहीं हैं। अमेठी और रायबरेली में इन दिनों राहुल गांधी को परशुराम का वंशज, जनेऊधारी, अर्जुन का अवतार और युग पुरुष बताने वाले पोस्टर चर्चा का विषय बने हैं। कोई इसे चापलूसी करार दे रहा है तो कोई इसे कांग्रेस की संस्कृति।रायबरेली की ऊंचाहार तहसील में लगी होर्डिंग में राहुल को युग पुरुष बताया गया है। इसी में उन्हें अर्जुन का अवतार भी लिखा गया है। होर्डिंग में राहुल गांधी के सिर पर लाल पगड़ी बंधी हुई फोटो लगी है। इसके अलावा सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी के प्रतिनिधि केएल शर्मा और पार्टी के एक कार्यकर्ता की फोटो लगी है। इसे एक कांग्रेस कार्यकर्ता इरफान ने लगाया है।
राहुल को जनेऊधारी ब्राह्मण बताया
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बीके शुक्ला पूरे मामले पर कोई टिप्पणी करने से तो बचते हैं लेकिन स्वीकार करते हैं कि इरफान पार्टी का कार्यकर्ता है। तिलोई में भी ऐसे ही पोस्टर लगे हैं। एक अन्य पोस्टर में राहुल को भगवान परशुराम का वंशज और जनेऊधारी ब्राह्मण बताया गया है। इसमें पगड़ी बांधे राहुल गांधी के साथ उनकी मां सोनिया गांधी व बहन प्रियंका गांधी की भी फोटो छपी हुई है। इतना ही नहीं, पोस्टर में राहुल गांधी को भावी प्रधानमंत्री और भइया पंडित राहुल गांधी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई लिखी हुई है। पोस्टर के एक ओर तिलोई विधान सभा क्षेत्र के को-ऑर्डिनेटर गजेंद्र सिंह सिसोदिया व दूसरी ओर तिलोई के ही युवा नेता अभिषेक बाजपेयी की तस्वीर छपी हुई है। एक और पोस्टर अभिषेक बाजपेयी व गोपीचंद्र वाजपेयी द्वारा लगाया गया है। इसमें भगवान शिव व परशुराम के साथ ही राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी की तस्वीर छपी हुई है। पोस्टर में राहुल गांधी को शिवभक्त भगवान परशुराम का वंशज जनेऊधारी पंडित राहुल गांधी लिखा गया है।
पहले भी हो चुका है पोस्टर वार
इससे पहले भी अमेठी में आधा दर्जन बार पोस्टरवार हो चुका है। तीन बार राहुल गांधी की गुमशुदगी के पोस्टर सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा चुके हैं तो कांग्रेस ने भी पोस्टर लगाने वालों से इनाम की मांग करते हुए जगह-जगह पोस्टर लगाए थे कि मुझे दो इनाम। मुझे पता है, कहां हैं राहुल गांधी।
केशव विष्णु तो राहुल अर्जुन क्यों नहीं
पोस्टर लगाने वाले अभिषेक वाजपेयी ने कहा कि जब बीजेपी नेता केशव मौर्य को विष्णु अवतार में दिखाया जा सकता है तो हम राहुल गांधी को अर्जुन अवतार में क्यों नहीं दिखा सकते। राहुल कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए मेहनत कर रहे हैं।