प्रेमी से मिलने जेल पहुंची बेटी को मां ने पीटा
जासं, रायबरेली : जिला जेल में बंद अपने प्रेमी से मिलने आई एक महिला के पीछे उसकी मां भी पहु
जासं, रायबरेली : जिला जेल में बंद अपने प्रेमी से मिलने आई एक महिला के पीछे उसकी मां भी पहुंच गई। जेल के गेट पर ही मां ने अपनी बेटी की पिटाई शुरू कर दी। यह देख सुरक्षा कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। सूचना पर यूपी-100 की टीम पहुंची। लेकिन मामला महिलाओं का था, इसलिए हस्तक्षेप नहीं हुआ। महिला थाने की फोर्स ने पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। इसके बाद हंगामा खत्म हुआ।
शहर की एक कॉलोनी निवासी वाली एक महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। वह अपनी मां के साथ कॉलोनी में रहती है। पिछले करीब चार दिनों से वह घर नहीं गई थी। इसी बीच रविवार को उसकी मां को उसकी जानकारी मिली। मां को पता चला कि उसकी बेटी जेल में बंद अपने प्रेमी से मिलने गई है। बेटी जेल के अंदर दाखिल होती, इससे पहले ही उसकी मां वहां पहुंच गई। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई। फिर, मां ने बेटी की पिटाई शुरू कर दी। यह देख सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने डायल-100 को सूचना दी। सूचना पर डायल 100 के सिपाही पहुंचे। लेकिन, विवाद महिलाओं के बीच हो रहा था। इसलिए उन्होंने बीच में पड़ने की जहमत नहीं उठाई। बल्कि महिला थाने को सूचना देकर बुला लिया। महिला थाने से पहुंची पुलिस दोनों को अपने साथ ले आई। महिला थानाध्यक्ष संतोष ने बताया कि मां-बेटी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। थाने लाए जाने के बाद दोनों ने आपस में समझौता कर लिया। बेटी वहां किससे मिलने आई थी, इस बारे में पता नहीं चला।