शराब के नशे में फेरे लेने पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने लौटाई बरात
रायबरेली : शराब के नशे में सात फेरे लेने पहुंचे दूल्हे से शादी करने से दुल्हन ने इन्कार कर
रायबरेली : शराब के नशे में सात फेरे लेने पहुंचे दूल्हे से शादी करने से दुल्हन ने इन्कार कर दिया। काफी मान-मनौवल के बावजूद जब दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो बरात वापस लौट गई।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार शाम ऊंचाहार के एक गांव से बरात आई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम के समय बरात वधू पक्ष के दरवाजे पर आई। घरातियों ने बरातियों का धूमधाम से स्वागत किया। इसके बाद द्वारचार की रस्म अदा की जाने लगी। लेकिन, कई बरातियों समेत दूल्हे ने भी शराब पी रखी थी। नशे में धुत होकर जब दूल्हा द्वारचार में पहुंचा तो उसकी हरकतें देखकर वधू पक्ष के लोग सकते में आ गए। इसके बावजूद वधू पक्ष दूल्हे की हरकतों को नजरअंदाज करता रहा। लेकिन, रात में फेरों से पहले शराब के नशे में धुत दूल्हे ने दुल्हन की बुआ को फोन पर भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इस पर लड़की ने शादी से इन्कार कर बरात लौटाने के लिए कह दिया। वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन ने नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद मामला सलोन कोतवाली पहुंचा। वहां दोनों पक्षों ने पंचायत कर शादी को समाप्त करने का फैसला किया। इसके बाद बरात लौट गई। सलोन कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार रात दोनों पक्ष कोतवाली आए थे। दोनों पक्षों ने शादी तोड़ने का फैसला किया। इसके बाद पुलिस की देखरेख में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के चढ़ावे के सामान को वापस कर दिया।