महिला का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
बछरावां (रायबरेली) कस्बे की रहने वाली एक महिला शुक्रवार की रात बिना बताए घर से निकल प
बछरावां (रायबरेली): कस्बे की रहने वाली एक महिला शुक्रवार की रात बिना बताए घर से निकल पड़ी। घर वाले पूरी रात उसे इधर-उधर खोजते रहे। रेलवे ट्रैक पर किसी महिला का शव मिलने की सूचना कहीं से उन्हें मिली। घर के लोग मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। शव उसी महिला का था जिसकी तलाश में वह पूरी रात करते रहे। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
बछरावां कस्बे के आदि नगर मोहल्ला निवासी गोकुल सोनी की पत्नी गुड़िया सोनी (45) लंबे समय से बीमार चल रही थी। घर वालों का कहना है कि गुड़िया दिमागी तौर पर अस्वस्थ थी। आए दिन घर से निकल जाती थी। शुक्रवार देर रात भी वह घर में किसी को कुछ बताए बिना कहीं चली गई। कुछ देर तो उसका इंतजार हुआ। फिर लोगों ने तलाश शुरू की, मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
उधर, लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर कसरावां के निकट किसी महिला का शव शनिवार की सुबह मिला। लोगों ने इसकी जानकारी जीआरपी को दी। गुड़िया के घर वालों को भी इसका पता चला। घर के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतका की पहचान गुड़िया के रूप में की। जीआरपी थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार पांडेय ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने की जानकारी हुई थी। सूचना पर टीम मौके पर भेजी गई। जांच में पता चला कि रेलवे ट्रैक पार करते समय महिला किसी ट्रेन की चपेट में आ गई थी।