Road Accident in Raebareli: रायबरेली में अनियंत्रित ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, युवक की मौत; एक की हालत गंभीर
Road Accident in Raebareli ट्रैक्टर पलटने से दोनों युवक नीचे दब गए करीब आधे घंटे तक दोनों युवक चिल्लाते रहे लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों युवको को बाहर निकाला लेकिन पंकज सिंह की जान नहीं बचा सके।
रायबरेली, जागरण संवाददाता। गुमावा बॉर्डर कोनी मोड़ पर ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर है। मंगलवार सुबह रानी का पुरवा मजरे निरथुवा निवासी हरीश चंद्र पुत्र बुधई अपने मित्र पंकज पुत्र गंगा सिंह निवासी गुमावा बॉर्डर के साथ ट्रैक्टर से पंचर बनवाने जा रहे थे, कोनी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में चला गया। दोनों युवक ट्रैक्टर के नीच दब गए।
पास के धर्म कांटे पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला। निजी वाहन से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पंकज सिंह पुत्र गंगा सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल हरीश चंद्र पुत्र बुधई का इलाज चल रहा है। मौत की खबर सुनते ही पंकज सिंह के घर में कोहराम मच गया। पंकज सिंह के पिता गंगा सिंह ने बताया, हरिश्चंद्र ट्रैक्टर से जा रहे थे। उनके साथ मेरा बेटा पंकज सिंह भी ट्रैक्टर पर बैठकर चला गया मुझे क्या मालूम था कि अब व वापस नही आएगा। पंकज की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
आधा घंटा तक ट्रैक्टर के नीचे कराह रहे थे दोनों युवकः ट्रैक्टर पलटने से दोनों युवक नीचे दब गए करीब आधे घंटे तक दोनों युवक चिल्लाते रहे लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों युवको को बाहर निकाला, लेकिन पंकज सिंह की जान नहीं बचा सके। थाना प्रभारी राकेश चन्द्र आनंद ने बताया कि इलाज के लिए दोनों युवक जिला अस्पताल गए थे जिसमें पंकज सिंह की मौत हो गई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।