सरकार बनते ही दूर करेंगे समस्याएं : अखिलेश यादव
खीरों (रायबरेली) उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के परिवारजन से मिलकर लौटते वक्त शनिवार को पूर्व म
खीरों (रायबरेली): उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के परिवारजन से मिलकर लौटते वक्त शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खीरों के शास्त्रीनगर में रुके। होटल में चाय पी और टेस्ट अच्छा लगा तो खुश होकर चाय बनाने वाले को पांच सौ रुपये का इनाम भी दिया। स्थानीय लोगों से मिले और दोबारा सरकार बनवाने की बात कही ताकि वे उनकी समस्याओं को दूर कर सकें।
पूर्व मुख्यमंत्री लखनऊ से बछरावां के चुरुवा बाईपास से गुरुबक्शगंज, खीरों, सेमरी होते हुए उन्नाव के लिए निकले। जाते वक्त भी उनको रोककर कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाया। फिर वापसी में शास्त्री नगर में पहले से मौजूद ऊंचाहार के विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय, पूर्व राज्यमंत्री सुनील सिंह साजन, जिलाध्यक्ष आरबी यादव और उपाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने उनका स्वागत किया। होटल में उन्होंने चाय पी और सबका हाल चाल पूछा। चाय अच्छी लगी तो दुकानदार गोकरन प्रसाद को पांच सौ रुपये उपहार स्वरूप दिए। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उनके सामने बेसहारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठायी। जिस पर अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार आते ही ऐसी सभी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। लैपटॉप वितरित किए जाएंगे और शिक्षामित्रों को उनका हक दिलाया जाएगा। हालांकि उन्होंने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ जघन्य वारदात पर कोई बयान नहीं दिया।