ज्वैलरी शॉप से 16 लाख के आभूषण छीन ले गया बदमाश
लालगंज (रायबरेली) कोतवाली क्षेत्र में कस्बे की सराफा मंडी में दिनदहाड़े 16 लाख के आभूषण की
लालगंज (रायबरेली): कोतवाली क्षेत्र में कस्बे की सराफा मंडी में दिनदहाड़े 16 लाख के आभूषण की छिनैती हो गई। बुधवार को हुई वारदात से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। पुलिस के इकबाल पर सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि एक सप्ताह पहले ही यहां चार दुकानों में चोरियां हुईं थीं। हालांकि अधिकारी जल्द वारदात के राजफाश की बात कह रहे हैं।
कस्बे के सराफा मंडी निवासी दिनेश गुप्ता की किशन ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। बुधवार की दोपहर लगभग ढाई बजे वह खाना खाने घर गया था। दुकान पर उनकी 15 साल की पुत्री महक गुप्ता बैठी थी। महक ने बताया कि तभी एक व्यक्ति दुकान पर आया और कहा कि उसका सामान दुकान पर रखा है, वह दे दे। जब महक ने पिता के आ जाने पर सामान देने की बात कही तो उसने कहा कि मैं पुलिस में हूं। ड्यूटी छोड़ कर आया हूं। इसी बीच सोने के टप्स से भरे प्लास्टिक के डिब्बे को महक के हाथ से छीन लिया। महक कुछ समझ पाती, इसके पहले ही बदमाश ने डिब्बे से आधा दर्जन पैकेट निकालकर अपनी जेब में भरे और दुकान से बाहर निकल बाइक स्टार्ट की और रफूचक्कर हो गया। महक ने इसकी जानकारी तत्काल अपने पिता को दी। व्यापारी दिनेश भागकर दुकान आया। उसने बताया कि डिब्बे से निकाले गए सोने के टप्स का वजन करीब 410 ग्राम है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी इंद्रपाल सिंह व कोतवाल विनोद सिंह मौके पर पहुंचे और कई दुकानों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने सराफा मंडी आकर जानकारी ली।
छिनैती की वारदात बड़ी चुनौती
संवादसूत्र,लालगंज: एक सप्ताह पहले सराफा मंडी में चार दुकानों से लाखों रुपये का सामान व नकदी चोरी हुई थी। जिसका राजफाश 24 घंटे में हो गया था। मगर, बुधवार को दिनदहाड़े 16 लाख के आभूषणों की छिनैती से व्यापारियों में खलबली मच गई है। उनका कहना है कि मंडी में चोरी, छिनैती जैसी वारदातें होती ही नहीं थी। अचानक यहां अपराध की बाढ़ सी आ गई है। रात तो रात अब तो दिन में भी बदमाश वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछली चोरी में मिले सीसी कैमरा फुटेज में खाकी रंग का जैकेट पहने युवक रात में घूमते दिखे थे। इस बार भी जिस बदमाश ने वारदात की, उसने खाकी रंग का जैकेट पहन रखा था। उसने तो खुद को पुलिस वाला भी बताया। इस वारदात का राजफाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
कोट
ज्वैलरी शॉप से आभूषण लेकर भागने वाले बदमाश की हम तलाश कर रहे हैं। जल्द ही वारदात का राजफाश किया जाएगा।
-इंद्रजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी लालगंज