आलमबाग डिपो की बस में बिना टिकट मिले 17 यात्री
रायबरेली परिवहन निगम की सख्ती के बाद भी चालक और परिचालक राजस्व की चोरी से बाज नहीं आ
रायबरेली : परिवहन निगम की सख्ती के बाद भी चालक और परिचालक राजस्व की चोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को सरेनी क्षेत्र में चेकिग के दौरान आलमबाग डिपो की एक अनुबंधित बस में 17 मुसाफिर बिना टिकट मिले। एआरएम ने मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
रायबरेली डिपो के नए एआरएम अक्षय कुमार ने चार्ज संभालते ही भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को उन्होंने रूटों पर दौड़ रहीं बसों की चेकिग का अभियान चलाया। इसी दौरान लालगंज-सरेनी-भोजपुर मार्ग पर बेहटा गांव के निकट लालगंज डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी 32 डीएन 0465 को रोककर जांच की गई। बस पर कुल 44 यात्री सवार थे। एआरएम की टीम ने जब पड़ताल की तो 17 मुसाफिर बिना टिकट पाए गए। चेकिग टीम में शामिल रहे सहायक यातायात निरीक्षक एसके अवस्थी ने बताया कि बस लखनऊ से सवारियां लेकर भोजपुर आ रही थी। आलमबाग डिपो के संविदा परिचालक शरद गौड़ की बस में ड्यूटी थी। एआरएम ने कहा कि मामला गंभीर है। किसी को बख्सा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
यहां भी खूब हो रहा खेल
अभी तो सिर्फ आलमबाग डिपो की बस में राजस्व की चोरी पकड़ी गई है। रायबरेली डिपो में भी यह खेल खूब चल रहा है। नए एआरएम के लिए इसे रोकना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा। फिलहाल, एआरएम ने आलमबाग डिपो की बस में बिना टिकट यात्री पकड़ कर अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा है कि राजस्व की चोरी या मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं होगी।