विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Board : ‘पहचान’ पोर्टल पर यूपी बोर्ड के 29,210 विद्यालय, एक क्लिक में देखें सबका रिपोर्ट कार्ड व जानें स्कूल की ग्रेटिंग

By Awadhesh Pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 25 Jun 2026 11:15 PM (IST)

यूपी बोर्ड ने 'पहचान' पोर्टल लॉन्च किया है, जिस पर 29,210 माध्यमिक विद्यालयों का पूरा विवरण और 10 साल का ...और पढ़ें

‘पहचान’ पोर्टल पर यूपी बोर्ड के 29,210 विद्यालयों की रिपोर्ट खंगाल सकेंगे।

‘पहचान’ पोर्टल पर यूपी बोर्ड के 29,210 विद्यालयों की रिपोर्ट खंगाल सकेंगे।

HighLights

  1. 10 वर्षों का परीक्षाफल देखकर विद्यार्थी अनुमान लगा सकेंगे कैसा है विद्यालय

  2. छह बिंदुओं पर प्रत्येक विद्यालय को प्रदान की गई है जिला एवं राज्य स्तरीय रैंक

अवधेश पाण्डेय, जागरण, प्रयागराज। यूपी बोर्ड के सभी राजकीय, माध्यमिक एवं वित्तविहीन विद्यालयों का इतिहास, भूगोल और वर्तमान कोई भी घर बैठे देख सकता है। यूपी बोर्ड के सभी 29,210 माध्यमिक विद्यालयों का संपूर्ण विवरण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के ‘पहचान’ पोर्टल पर उपलब्ध है।

इसमें देखा जा सकता है कि जिला और राज्य स्तर पर किसी भी जिले के किस विद्यालय को क्या रैंक मिली है। पिछले दस वर्षों में विद्यालय का बोर्ड परीक्षाफल कैसा रहा है। इसके साथ ही छह बिंदुओं पर विद्यालय को ग्रेडिंग दी गई है। इससे जहां विद्यार्थी/अभिभावक विद्यालय का स्तर जान सकेंगे, वहीं विद्यालयों में भी आपस में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे गुणवत्तापूर्ण सुधार हो सकेंगे।

‘पहचान’ पोर्टल पर जाकर जिला और ब्लाक का चयन करेंगे तो विद्यालय का प्रकार सामने आएगा। इसमें राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों का विकल्प दिखेगा। इसमें से विद्यालय चुन सकेंगे। इसके साथ ही यह जान सकेंगे कि विद्यालय में क्या-क्या सुविधाएं हैं। शिक्षण कक्ष कितने हैं। किन-किन विषयों के शिक्षक हैं। स्मार्ट क्लास है या नहीं, प्रयोगशाला है कि नहीं, कंप्यूटर लैब, इंटरनेट सुविधा, बिजली व पेयजल सुविधा है कि नहीं। पिछले पांच वर्ष में विद्यालय का बोर्ड परीक्षा का सफलता प्रतिशत क्या रहा।

इसके अलावा जिन छह विदुओं पर विद्यालय को ग्रेडिंग अंक दिए गए हैं, उसमें छात्र संख्या के आधार पर अधिकतम अंक 20 , छात्रसंख्या एवं शिक्षण कक्ष आधारित अंक 20 , शिक्षक संख्या एवं छात्र संख्या अनुपात आधारित अंक 40, महत्वपूर्ण अवस्थापना सुविधा आधारित अंक 30, मेधावी छात्र सूची में शामिल छात्र से संबंधित अंक 25 निर्धारित किए गए हैं। इस तरह 200 अंकों में विद्यालय को मिले अंक के आधार पर ग्रेडिंग दी गई है। गूगल मैप पर विद्यालय को आनलाइन देखा जा सकता है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि ‘पहचान’ स्कोर के आकलन का उद्देश्य विद्यालयों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करना है, ताकि विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर शिक्षक और आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यालय के छात्रों द्वारा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सके। महत्वपूर्ण हाइपर लिंक्स छात्र-छात्राओं के शिक्षण कार्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

यह भी पढ़ें- UP Board Compartment Exam 2026 : तिथि बढ़ी, अब इस दिन तक कर सकेंगे यूपी बोर्ड कंपार्टमेंट-इंप्रूवमेंट परीक्षा के आवेदन

यह भी पढ़ें- UP PCS 2026 : यूपी पीसीएस के आवेदन शुरू, 500 पदों पर होगी भर्ती, रिक्तियों बढ़ या घट सकती है; संपूर्ण जानकारी यहां लें