UP Bar Council Chunav : चौथे चरण में प्रयागराज में 30 जनवरी से मतदान होगा, 4 दिनों तक होगी बार काउंसिल की वोटिंग
UP Bar Council Chunav उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के चौथे चरण में प्रयागराज में 30 जनवरी से मतदान शुरू ...और पढ़ें

UP Bar Council Chunav प्रयागराज में बार काउंसिल चुनाव में मतदान 30 जनवरी से शुरू होकर 2 फरवरी तक होगा।
HighLights
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के क्रम में कार्यक्रम में आंशिक बदलाव
प्रतापगढ़ समेत 17 अन्य जिलों में दो दिन ही डाले जाएंगे वोट
लगभग 33 हजार वैध मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। UP Bar Council Chunav बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में चौथे तथा आखिरी चरण का मतदान प्रयागराज में चार दिनों तक चलेगा। पहले यह दो दिन यानी 30 व 31 जनवरी को नियत था। अब 30 जनवरी से लेकर दो फरवरी 2026 तक वोट डाले जाएंगे। लगभग 33 हजार वैध मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
प्रयागराज के अलावा इन जिलों में होगा मतदान
UP Bar Council Chunav काउंसिल के सचिव / चुनाव अधिकारी रामकिशोर शुक्ल ने गुरुवार को यह जानकारी एक विज्ञप्ति में दी। आखिरी चरण में प्रयागराज के अलावा अन्य जिन जिलों में मतदान प्रस्तावित है, वहां दो ही दिन मतदान होगा। प्रतापगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, रामपुर, रमाबाई नगर, सहारनपुर, संभल, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, शामली, श्रीवस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव एवं वाराणसी जनपद मुख्यालय एवं जनपद की आउटलाइंग मुंसिफ कोर्ट में सुबह 10 बजे से सायं पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
25 सदस्य पदों के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में
UP Bar Council Chunav बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश चुनाव के अंतिम चरण में कुल 18 जिलों में मतदान संपन्न किया जाएगा। इस बार 25 सदस्य पदों के लिए 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। साथ ही कुल मतदाताओं की संख्या 2,49,808 है।
प्रयागराज में पहले दिन कहां होगी वोटिंग
UP Bar Council Chunav प्रयागराज में पहले दिन महर्षि दयानंद मार्ग (थार्नहिल रोड) स्थित काउंसिल परिसर में प्रातःकाल नौ बजे से वोट डाले जाएंगे। इसके बाद अगले तीन दिनों तक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। सचिव के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका (सिविल) संख्या 1319/23 एम. वर्धन बनाम भारत संघ व अन्य में 29 जनवरी 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में प्रयागराज में मतदान की तिथि विस्तारित की गई है।
मतदान स्थल से 100 मीटर परिधि में प्रतिबंध
काउंसिल कार्यालय परिसर में मतदान स्थल से 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रत्याशी का बैनर, पोस्टर प्रतिबंधित कर दिया गया है। किसी मतदाता को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रानिक गैजेट जिससे फोटो खींची जा सके तथा अस्त्र-शस्त्र को लेकर मतदान स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतदान करने वाले मतदाताओं अपने साथ सीओपी प्रमाण पत्र/परिचय पत्र या अधिवक्ता पंजीकरण प्रमाण पत्र/परिचय पत्र लाना अनिवार्य है। केवल उन्हीं मतदाताओं को प्रवेश की अनुमति होगी. जिनका नाम मतदाता सूची में होगा।
सर्वोच्च न्यायालय ने हाईपावर इलेक्शन कमेटी गठित
इस चुनाव के लिए सर्वोच्च न्यायालय ने हाईपावर इलेक्शन कमेटी गठित की है। इसके अध्यक्ष न्यायमूर्ति रविरंजन, पूर्व मुख्य न्यायमूर्ति, झारखंड हाई कोर्ट हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति एसआर मसूरी व पूर्व न्यायमूर्ति दिल्ली हाई कोर्ट रेखा पल्ली सदस्य हैं। उक्त न्यायमूर्तिगण की देख-रेख में निर्वाचन अधिकारी पूर्व न्यायमूर्ति इलाहाबाद हाई कोर्ट अरविंद कुमार त्रिपाठी तथा पर्यवेक्षक इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति सुरेन्द्र सिंह के प्रत्यक्ष निर्देश में यह चुनाव कराया जा रहा है।
लखनऊ में स्थगित मतदान की तिथि तय नहीं
जिन जिलों में तीन चरणों में मतदान हो चुका है, उनमें पांच जिलों को छोड़कर अन्य जिलों से मतपेटिकाएं लाई जा चुकी हैं। लखनऊ में जहां तीसरे चरण में हंगामे के चलते मतदान स्थगित कर दिया गया है, वहां मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मतगणना शुरू होगी। अभी तिथि तय नहीं हुई है।
