विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की टीम पहुंची एसएससी प्रयागराज, जानी ऑनलाइन परीक्षा की बारीकियां, गहन विमर्श

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 12 Sep 2026 01:04 PM (IST)

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की टीम ने ऑनलाइन परीक्षा प्रक्रिया, तकनीक और पारदर्शिता को समझने के लिए एसएससी, प्रयागराज का ...और पढ़ें

ऑनलाइन परीक्षा मॉडल उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की टीम संग चर्चा करते  एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक व अधिकारी। सौ. एसएससी

ऑनलाइन परीक्षा मॉडल उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की टीम संग चर्चा करते एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक व अधिकारी। सौ. एसएससी

HighLights

  1. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य एवं अधिकारी-कर्मचारी आए हैं

  2. सीबीटी आयोजन प्रक्रिया, तकनीक, परीक्षा में पारदर्शिता की लेंगे जानकारी 

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के आयोजन की प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था और परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जा रहे नवाचारों की जानकारी लेने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य एवं अधिकारी कर्मचारी चयन आयोग मध्य क्षेत्र प्रयागराज पहुंचे। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य हेमचंद्र पांडेय की अध्यक्षता में दल ने कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

परीक्षा संचालन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की 

भ्रमण का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त करना तथा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अपनाई जा रही परीक्षा प्रक्रिया और तकनीकी नवाचारों को समझना रहा। इस दौरान परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक ने समझाई प्रक्रिया 

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), मध्य क्षेत्र प्रयागराज के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधियों को ऑनलाइन सीबीटी परीक्षा आयोजित करने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। चर्चा में परीक्षा से पहले की तैयारियों से लेकर परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन, परीक्षा के दौरान निगरानी एवं नियंत्रण और परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं तक विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

तकनीक से पारदर्शिता और शुचिता पर जोर

बैठक में कर्मचारी चयन आयोग की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में इस्तेमाल किए जा रहे तकनीकी एवं नवाचारपूर्ण उपायों पर विशेष रूप से जानकारी साझा की गई। इनमें सुचिता (एसएससी यूनिफाइड, कांप्रिहेंसिव एंड हालिस्टिक टेस्टिंग एप्लीकेशन) प्रमुख है। सुचिता एप को एसएससी मध्य क्षेत्र ने तैयार किया है और बाद में इसे एसएससी के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा अंगीकार किया है।

परीक्षा प्रक्रिया की रियल-टाइम निगरानी पर भी विमर्श

बताया गया कि इस तरह की तकनीकी व्यवस्थाओं के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही और शुचिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया की रियल-टाइम निगरानी, विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय और परीक्षा के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।

परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता की सराहना की 

इससे परीक्षा संचालन को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की प्रक्रिया को समझने में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अधिकारियों को मदद मिली। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अधिकारियों ने कर्मचारी चयन आयोग की डिजिटल और तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

सहयोग प्रदान करने का आश्वासन 

भ्रमण के अंत में कर्मचारी चयन आयोग, मध्य क्षेत्र, प्रयागराज के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने भविष्य में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को इस विषय में अग्रिम कार्रवाई के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।