विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नया शेड्यूल, प्रयागराज के अलावा कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी ठहराव

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:43 PM (IST)

वाराणसी-नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस अब प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का शेड्यूल जारी।

  2. प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, गाजियाबाद में भी ठहराव।

  3. यात्रा में मिलेगा बनारसी कचौड़ी, प्रयागी दम आलू का स्वाद।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर भारत के रेल यात्रियों के लिए आरामदायक सफर का नया दौर शुरू होने जा रहा है। बनारस से देश की राजधानी के बीच चलने वाली पहली 'स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस' के ठहराव और शेड्यूल पर रेलवे बोर्ड ने अंतिम मुहर लगा दी है। अब प्रयागराज और कानपुर के अलावा अलीगढ़ व गाजियाबाद के यात्री भी इस हाईस्पीड लग्जरी सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

वाराणसी से नई दिल्ली (गाड़ी सं. 27421) शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन यह रात 8:50 बजे छूटेगी। प्रयागराज रात 10:35 बजे, कानपुर रात 12:40 बजे, अलीगढ़ तड़के 3:55 बजे और गाजियाबाद भोर में 5:25 बजे होते हुए ट्रेन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। नई दिल्ली से वाराणसी (गाड़ी सं. 27422) शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन यह रात 9:40 बजे रवाना होगी।

इसके बाद गाजियाबाद रात 10:13 बजे, अलीगढ़ रात 11:20 बजे, कानपुर रात 2:45 बजे और प्रयागराज भोर में 5:05 बजे पर रुकते हुए सुबह 7:10 बजे बनारस पहुंचेगी।

31 अक्टूबर को वाराणसी से यह विशेष सेवा के रूप में रवाना होगी, जिसका प्रयागराज जंक्शन पर स्वागत होगा। सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा के अनुसार नियमित कमर्शियल फेरों की तारीखों की घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी।

खाने में मिलेगी बनारसी कचौड़ी और प्रयागी दम आलू

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को उपलब्ध कराये जाने वाले नाश्ता व भोजन का मेन्यू तैयार हो गया है। इसमें आईआरसीटीसी ने पूर्वांचल और उत्तर भारत के मशहूर स्वादिष्ट व्यंजनों को रखा है। यात्रा के दौरान यात्रियों को बनारस की प्रसिद्ध हींग वाली खस्ता कचौड़ी, तीखी घुघनी और लाल-पेड़े का नाश्ता परोसा जाएगा।

रात के खाने में प्रयागराज का सौंधा दम आलू, सत्तू पराठा-चोखा, अवधी कोरमा और दाल तड़का शाही अंदाज में मिलेगा। मिठास घोलने के लिए मौसमी बनारसी मलइयो, बालूशाही और गर्म गुलाब जामुन का विकल्प रहेगा, इसके अलावा सुबह प्रयागराज की दही-जलेबी को भी शामिल किया जाएगा।

यात्रा को यादगार बनाने के लिए अदरक वाली कड़क चाय मिट्टी के कुल्हड़ में दी जाएगी। एयरलाइंस जैसी हाइजीनिक पैंट्री और आधुनिक सर्विस के साथ यह यात्रा यादगार रहेगी। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि कुछ मेन्यू फाइनल है, अभी सर्वे के आधार पर कुछ और चीजें भी जोड़ी जाएंगी।

यह भी पढ़ें- वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस, लग्‍जरी सुव‍िधाएं और सुरक्षा फीचर देखकर द‍िल खुश हो जाएगा

यह भी पढ़ें- दीवाली-छठ से पहले IRCTC का बड़ा तोहफा! दिल्ली-मुंबई से चलेंगी स्लीपर वंदे भारत, रूट से लेकर किराए तक; पूरी डिटेल