विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RRC NCR: ग्रुप डी भर्ती 2024 की सूची आते ही भड़के एक्ट अप्रेंटिस अभ्यर्थी, कट-ऑफ पर उठाया सवाल

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:32 PM (IST)

आरआरसी एनसीआर ग्रुप डी भर्ती 2024 की कट-ऑफ सूची जारी होने के बाद एक्ट अप्रेंटिस अभ्यर्थियों ने प्रयागराज में विरोध प्रदर्शन किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. एक्ट अप्रेंटिस अभ्यर्थियों ने कट-ऑफ पर किया विरोध प्रदर्शन।

  2. आरक्षण नियमों की अनदेखी का आरोप, संशोधित सूची की मांग।

  3. प्रयागराज में आरआरसी मुख्यालय पर हुआ हंगामा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) द्वारा लेवल-01 (ग्रुप डी) भर्ती (सीईएन 08/2024) के तहत दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा परीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम व कट-ऑफ जारी करते ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कट-ऑफ अंक काफी अधिक जाने और आरक्षण नियमों की कथित अनदेखी के विरोध में बुधवार को एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों ने नवाब यूसुफ रोड, सिविल लाइंस स्थित आरआरसी मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का गंभीर आरोप है कि रेलवे भर्ती नियमों के अनुसार केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को इस भर्ती में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, जिन्होंने रेलवे के विभिन्न कारखानों व मंडलों से एक्ट अप्रेंटिसशिप पूरी की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रयागराज में एक्ट अप्रेंटिस कोटे के तहत कुल 404 सीटें निर्धारित हैं।

इतनी बड़ी संख्या में पद होने के बावजूद रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ द्वारा इस आरक्षित कोटे में अन्य अभ्यर्थियों को भी शामिल कर लिया गया, जिसके कारण कट-ऑफ अप्रत्याशित रूप से काफी ऊपर चली गई। नतीजतन, वर्षों से रेलवे में पसीना बहाकर प्रशिक्षण लेने वाले वास्तविक और पात्र एक्ट अप्रेंटिस अभ्यर्थी चयन सूची से बाहर हो गए हैं।

मुख्यालय के बाहर बढ़ते हंगामे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। अभ्यर्थी आरक्षण नियमों के पालन के साथ संशोधित सूची जारी करने की मांग पर अड़े हैं।

आरआरसी प्रयागराज ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के प्रदर्शन के आधार पर कुल 1378 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। सत्यापन का कार्य 26 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 तक आरआरसी कार्यालय में प्रतिदिन दो पालियों (सुबह 8:00 बजे और दोपहर 12:00 बजे) में आयोजित किया जाएगा।

सत्यापन में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण अगले कार्य दिवस पर प्रयागराज, कानपुर, आगरा और झांसी स्थित रेलवे मंडलीय चिकित्सालयों में कराया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को न्यूनतम चार दिन ठहरने की व्यवस्था स्वयं करने के निर्देश दिए गए हैं।

आरआरसी द्वारा 100 अंकों में से जारी कट-ऑफ के अनुसार अनारक्षित वर्ग में 79.06632, ओबीसी में 78.62715, ईडब्ल्यूएस में 74.54873, एससी में 73.79091 और एसटी में 69.26540 अंक कट-ऑफ गया है। वहीं एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) श्रेणी में अनारक्षित का कट-ऑफ 71.49306, एससी का 71.44737, एसटी का 73.04835, ओबीसी का 71.18733 और ईडब्ल्यूएस का 71.20387 रहा है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर वास्तविक अभ्यर्थियों को सूची में शामिल नहीं किया गया और गलत सूची से ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे और इसके जिम्मेदार आरआरसी के अध्यक्ष और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह होंगे।

शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से 5 से 7 दिन पूर्व आधिकारिक वेबसाइट (www.rrcpryj.org) से ई-कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र, 12 पासपोर्ट साइज फोटो और दो सेट स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी है और अभ्यर्थी नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले बिचौलियों से सावधान रहें।