विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे शिक्षक भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल सूची जारी, 19 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट; RRB ने जारी किया परिणाम

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 04 Sep 2026 03:24 PM (IST)

रेलवे भर्ती बोर्ड प्रयागराज ने प्राथमिक रेलवे शिक्षक और सहायक अध्यापिका (जूनियर स्कूल) पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा हेतु 19 उम्मीदवारों की अनंतिम सूची जारी की है।

आरआरबी ने प्राइमरी रेलवे टीचर और सहायक अध्यापिका (जूनियर स्कूल) पदों के लिए परिणाम घोषित किया।

आरआरबी ने प्राइमरी रेलवे टीचर और सहायक अध्यापिका (जूनियर स्कूल) पदों के लिए परिणाम घोषित किया।

HighLights

  1. प्राइमरी रेलवे टीचर और सहायक अध्यापिका (जूनियर स्कूल) पदों के लिए परिणाम घोषित

  2. कंप्यूटर आधारित परीक्षा और टीचिंग स्किल टेस्ट के बाद अभ्यर्थियों को डीवी व मेडिकल का बुलावा

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), प्रयागराज ने केंद्रीयकृत रोजगार सूचना (सीईएन संख्या 07/2024- मिनिस्ट्रियल एवं आइसोलेटेड कैटेगरीज) के अंतर्गत शिक्षक भर्ती के महत्वपूर्ण चरण का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड ने प्राथमिक रेलवे शिक्षक (Primary Railway Teacher) और सहायक अध्यापिका महिला जूनियर स्कूल (Assistant Teacher Female- Junior School) के पदों पर भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा परीक्षा (मेडिकल) हेतु योग्य उम्मीदवारों की अनंतिम सूची जारी की है।

19 उम्मीदवार अगले चरण के लिए सफल घोषित

इस चयन सूची में प्राथमिक रेलवे शिक्षक के लिए 17 अभ्यर्थी और सहायक अध्यापिका (महिला) जूनियर स्कूल पद के लिए 2 अभ्यर्थियों सहित कुल 19 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है।

चयनितों की क्या होगी जिम्मेदारी?

रेलवे प्रशासन द्वारा संचालित स्कूलों में प्राथमिक रेलवे शिक्षक और जूनियर स्कूल सहायक अध्यापिका का पद अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ये शिक्षक रेलवे कॉलोनियों और परिसरों में रहने वाले रेल कर्मचारियों के बच्चों को प्राथमिक व माध्यमिक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास, बुनियादी शैक्षणिक नींव मजबूत करने और विद्यालयीन गतिविधियों के कुशल संचालन में इन शिक्षकों की सीधी भूमिका रहती है। रेलवे के ये स्कूल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड या संबंधित राज्य बोर्ड के मानकों के तहत संचालित होते हैं, जहाँ इन पदों पर चयनित अध्यापकों को शिक्षण कार्य, परीक्षा मूल्यांकन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होता है।

10 से 12 सितंबर 2025 में हुई थी परीक्षा

बोर्ड के अनुसार, इन पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) का आयोजन 10 सितंबर 2025 से 12 सितंबर 2025 तक किया गया था। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का टीचिंग स्किल टेस्ट 24 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 के बीच आयोजित हुआ था। दोनों चरणों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को अब दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है। अभ्यर्थियों को उनके ई-कॉल लेटर डाउनलोड करने की सूचना ईमेल और एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।

अभ्यर्थियों की होगी मेडिकल जांच

दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के तुरंत अगले दिन अभ्यर्थियों को संबंधित रेलवे अस्पताल में चिकित्सा जांच के लिए भेजा जाएगा, जिसके लिए 24 रुपये का निर्धारित चिकित्सा शुल्क जमा करना होगा। प्रक्रिया में तीन से चार दिन का समय लग सकता है, इसलिए उम्मीदवारों को पूरी तैयारी के साथ आने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी दो सेट स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी भी साथ लानी होगी।

उम्मीदवार अपने अंक आरआरबी के पोर्टल पर देखें

उम्मीदवार अपने अंक आरआरबी के पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करके 15 दिनों तक देख सकते हैं। रेलवे ने साफ किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी व योग्यता आधारित है, इसलिए अभ्यर्थी किसी भी प्रकार के दलालों और असामाजिक तत्वों के झांसे में न आएं।

यह भी पढ़ें- आरआरबी भर्ती 2024: दो साल बाद टेक्नीशियन ग्रेड-एक (सिग्नल) भर्ती के लिए कटऑफ जारी

यह भी पढ़ें- RRB Prayagraj : रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती के लिए संशोधित कटऑफ जारी, अंकों से जानें क्या अगले चरण में है आपका नाम?