विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमरजेंसी में कारतूस बदलते फिरेंगे नेताओं-अफसरों के गनर, असलहों में कारतूस मिस होने से सुरक्षा पर सवाल

Published: Wed, 30 Sep 2026 09:16 PM (IST)

प्रयागराज में नेताओं-अफसरों के गनर के फायरिंग अभ्यास के दौरान कारतूस मिस होने की समस्या सामने आई है, जिससे आपात स्थिति में सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. प्रयागराज में गनर के फायरिंग अभ्यास में कारतूस मिस होने की समस्या।

  2. आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मियों की तैयारी पर गंभीर सवाल उठे।

  3. पूर्व घटना में कारतूस मिस होने से अधिकारी गंभीर रूप से घायल।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। लगभग डेढ़ दशक पहले की घटना है। करछना क्षेत्र के भीरपुर के पास कचरी गांव के सामने पावर प्लांट के विरोध में बड़ा आंदोलन हुआ था। ठीक 36 घंटे तक दिल्ली-कोलकाता रेलमार्ग को जाम रखा गया था। उसी दौरान तत्कालीन एसपी यमुनापार पर आंदोलनकारियों ने हमला कर दिया था।

अधिकारी को आंदोलनकारियों द्वारा घेर लेने और फिर हमला होते देख उनके गनर ने स्टेन गन से हवाई फायर करने की कोशिश की थी मगर कारतूस मिस हो गई थी। अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह कई दिन तक कोमा थे। उनकी नीली बत्ती अंबेस्डर कार को फूंक दिया गया था। उस भयावह घटना में आरोपितों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हुई थी। इसके बाद पावर प्लांट नहीं लग सका।

इस घटना का जिक्र इसलिए किया गया कि इन दिनों अफसरों और नेताओं समेत अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में लगाए गए गनर से फारयिंग कराई जा रही है। उन्हें 20-20 कारतूस फायर करने के लिए दिए जा रहे हैं। पुलिस लाइन में चल रही फायरिंग के दौरान ज्यादातर गनर के असलहों के कारतूस मिस हो जा रहे हैं।

ऐसे में कभी फायर करने का मौका पड़ा तो ये गनर कारतूस बदलते फिरेंगे। मंगलवार को 100 से ज्यादा गनर से फायरिंग कराई गई। इनमें 38 गनर के असलहों से ट्रिगर तो दबाए गए मगर फायर नहीं हो सके।

चेक करने पर पता चला कि कारतूस मिस हो गए। एक एडीएम के गनर की पिस्टल की भी कारतूस मिस हो गई। वह एक-दो नहीं बल्कि 10 में छह कारतूस मिस हुए। वहीं, एक एमएलसी तथा एक विधायक की सुरक्षा में लगे गनर की पिस्टल के भी कारतूस फायर नहीं कर सके।

फायरिंग के दौरान कारतूस मिस होते हैं तो गनर को तत्काल दूसरे कारतूस उपलब्ध करा दिए जाते हैं। मंगलवार को भी जिन-जिन गनर की पिस्टल के कारतूस मिस हुए थे, उन्हें दोबारा उपलब्ध कराया गया।

-विनोद कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन प्रयागराज