विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्यूटी जा रहे स्टेशन मास्टर पर हमला, आधी रात वारदात से खलबली; NCR मुख्यालय प्रयागराज में हैं तैनात

By tara chand Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 30 May 2026 01:55 PM (IST)

प्रयागराज में आधी रात ड्यूटी जा रहे उत्तर मध्य रेलवे के स्टेशन मास्टर बबलू कुमार पर चौफटका-कालिंदीपुरम फ्लाईओवर के नीचे ...और पढ़ें

प्रयागराज में ईंट-पत्थर मारकर स्टेशन मास्टर को घायल कर दिया।

प्रयागराज में ईंट-पत्थर मारकर स्टेशन मास्टर को घायल कर दिया।

HighLights

  1. चौफटका-कालिंदीपुरम फ्लाईओवर के नीचे ईंट-पत्थर मारकर किया घायल

  2. भुक्तभोगी ने धूमनगंज थाने में तहरीर दी, पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आधी रात ड्यूटी पर जा रहे उत्तर मध्य रेलवे के स्टेशन मास्टर पर बदमाशों ने ईंट पत्थर से हमला किया। इससे वे घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने धूमनगंज थाने पर तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल और बदमाशों की तलाश कर रही है।

आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में स्टेशन मास्टर हैं बबलू

बताया गया है कि बबलू कुमार उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मुख्यालय में आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह माल गोदाम रेलवे कॉलोनी के निवासी है। शुक्रवार को उनकी ड्यूटी रात 12 से प्रातः आठ बजे तक की थी। ड्यूटी पर जाने का लिए वह अपने निवास से बाइक पर सवार होकर निकले।

युवकों ने रोका, नहीं रुके तो ईंट-पत्थरों से किया हमला 

बबलू कुमार चौफटका से कालिंदीपुरम जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे, इसी दौरान करीब चार-पांच की संख्या में अज्ञात युवकों ने उनको रोकने का प्रयास किया। जब वे नहीं रुके तो बदमाशों ने उन पर ईंट-पत्थर फेंककर जानलेवा हमला किया, जिससे बबलू घायल हो गए।

बाइक-ऑटो चालक को भी बदमाशों ने लूटा, की मारपीट 

पीड़ित ने बताया कि घटनास्थल से कुछ आगे बढ़ने पर एक बाइक सवार एवं एक ऑटो चालक भी मिले, जिन्होंने बताया कि उनके साथ भी मारपीट की गई तथा उनके पैसे एवं मोबाइल छीन लिए गए। वे भी घायल अवस्था में थे।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही 

इसके बाद स्टेशन मास्टर बबलू कुमार ने डॉयल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। इंस्पेक्टर धूमनगंज धनंजय पांडेय का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- जौनपुर के आभूषण कारोबारी की सड़क हादसे में मौत, बाइक पर सवार थे प्रयागराज में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद के गुर्गे के साथी पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित, प्रापर्टी डीलर का हत्यारोपित है फरार