विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज से मुंबई-गुजरात जाने वाली आठ विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़े, सभी में यात्रियों को अभी मिल जाएगा आरक्षित टिकट

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 05 Jul 2026 05:54 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज और सूबेदारगंज से मुंबई-गुजरात जाने वाली आठ विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। इससे यात्रियों को आरक्षित ...और पढ़ें

प्रयागराज से आठ विशेष ट्रेनों की समय सीमा बढ़ने से मुंबई और गुजरात की राह होगी आसान।

प्रयागराज से आठ विशेष ट्रेनों की समय सीमा बढ़ने से मुंबई और गुजरात की राह होगी आसान।

HighLights

  1. प्रयागराज व सूबेदारगंज स्टेशन से चल रही हैं स्पेशल ट्रेने

  2. संचालित अन्य दैनिक ट्रेनों में जुलाई तक नहीं मिल रही सीटें

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मुंबई और गुजरात की तरफ सफर करने वाले उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रयागराज और सूबेदारगंज स्टेशनों से चलने वाली आठ प्रमुख स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) का यह फैसला उन प्रवासियों के लिए राहत भरा है, जो सीट न मिलने के कारण अपनी यात्रा टाल रहे थे।

नौ से 15 जुलाई तक ही होना था ट्रेन संचालन 

पहले इन ट्रेनों का परिचालन जुलाई के मध्य (नौ से 15 जुलाई) तक ही होना था, जिससे यात्रियों के सामने अचानक टिकटों का संकट खड़ा होने लगा था। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने अब इन्हें अगस्त के आखिरी सप्ताह और सितंबर के पहले दिन तक चलाने की हरी झंडी दे दी है। इस फैसले से सबसे ज्यादा फायदा दादर, बांद्रा टर्मिनल, उधना, सूरत और वलसाड जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को होगा।

इन विशेष ट्रेनों की समय सीमा बढ़ी है

रेलवे ने जिन मुख्य गाड़ियों की समय-सीमा बढ़ाई है, इनमें मुंबई (दादर/बांद्रा) रूट पर प्रयागराज-दादर (28 अगस्त), सूबेदारगंज-बांद्रा (31 अगस्त) और सूबेदारगंज-दादर (30 अगस्त) तक चलेंगी। इनकी वापसी ट्रेनें क्रमश- 30 अगस्त और एक सितंबर तक उपलब्ध रहेंगी। गुजरात (उधना/वलसाड) रूट पर सूबेदारगंज-उधना और सूबेदारगंज-वलसाड एक्सप्रेस को भी अगस्त के अंत तक विस्तार दिया गया है। प्रयागराज-गांधीग्राम स्पेशल भी अब 29 अगस्त तक पटरियों पर दौड़ेगी।

महाराष्ट्र व गुजरात के लिए नियमित ट्रेनों में नो रूम

प्रयागराज से पश्चिमी भारत (महाराष्ट्र और गुजरात) के लिए नियमित ट्रेनों में महीनों पहले से ही 'नो रूम' की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में इन आठ जोड़ी विशेष ट्रेनों का फेरा बढ़ने से न सिर्फ वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सकेगा, बल्कि टिकटों की कालाबाजारी पर भी अंकुश लगेगा।

यह भी पढ़ें- Vindhya Expressway : विंध्य एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित एलाइनमेंट में फंसा पेच, UPEIDA नए सिरे से सर्वे के बाद करेगा संशोधन

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में एयरो सिटी की मंजूरी के पहले जमीन का सर्किल रेट कम, भूमि अधिग्रहण में नुकसान पर किसानों ने उठाए सवाल