प्रयागराज में कमजोर पड़ा मानसून, अगले कुछ दिनों में कम बारिश और उमस बढ़ेगी; बादल भी छाए रहेंगे
प्रयागराज में मानसून कमजोर पड़ गया है, जिससे अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम है। तापमान बढ़ने के साथ उमस लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।

प्रयागराज में कई दिनों के बाद शुक्रवार को बादलों का घेरा कम हुआ तो धूप निकली। जागरण आर्काइव
HighLights
तीन सितंबर से बादलों की घेराबंदी कमजोर होने लगी है
अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले अधिकांश दिनों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है, लेकिन व्यापक या लगातार बारिश की संभावना कम है। ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
बादलों का कमजोर हुआ घेरा
सितंबर की शुरुआत में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक और दो सितंबर के झमाझम बारिश के बाद तीन सितंबर से बादलों की घेराबंदी कमजोर होने लगी है। शुक्रवार को ज्यादातर समय धूप खिली रही और बारिश तो दूर, बौछारें तक नहीं पड़ीं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। पिछले 24 घंटे में मात्र 1.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
5 सितंबर को बढ़ेगी गर्मी
शुक्रवार सुबह के समय हवा में नमी काफी अधिक रही और आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई। शाम के समय आर्द्रता 81 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को धूप खिली रहेगी और तापमान बढ़कर अधिकतम 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है पर बारिश की उम्मीद कम है। नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। दिन में धूप निकलने पर गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं।
