त्योहारों पर खुशियां होंगी डबल! दीपावली पर जारी हो सकती है PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, आया बड़ा अपडेट
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त दशहरा और दीपावली के आसपास जारी होने की तैयारी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पीएम किसान की 24वीं किस्त दशहरा-दीपावली पर जारी होगी।
5.86 लाख किसानों को 117 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।
कृषि विभाग ने किस्त जारी करने की सभी तैयारी पूरी की।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। पीएम किसान सम्मान निधि दशहरा और दीपावली पर किसानों की खुशियां बढ़ाने वाली है। योजना की 24वीं किश्त जारी करने की लगभग सभी तैयारी पूरी हो गईं हैं। इन्हीं त्योहारों के आसपास यह जारी होगी। लाभार्थियों काे सूचीबद्ध कर लिया गया है। इंतजार है तो सिर्फ केंद्र सरकार से हरी झंडी का।
जिले में करीब आठ लाख किसान हैं। इनमें से 5.82 लाख किसान इस योजना के लाभार्थी हैं। जून में आई 23वीं किश्त का इन्हें लाभ मिला था। हालांकि, हर किश्त पर कुछ न कुछ किसान बढ़ रहे हैं। अब 24वीं किश्त जारी होनी है। इसमें भी लगभग चार हजार लाभार्थियों की संख्या बढ़ी है।
करीब 5.86 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि के लिए सूचीबद्ध किया गया है। कृषि विभाग ने इसकी सभी तैयारी कर ली है। सूत्रों का कहना है कि अभी तक ज्यादातर किश्तें किसी न किसी विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जारी की गई हैं।
करीब 117 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद
उम्मीद है कि इस बार भी ऐसे ही किसी भव्य आयोजन में पीएम की ओर से ही किश्तें जारी की जाएंगी। 5.86 लाख किसानों को करीब 117 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों का मानना है कि दशहरा व दीपावली के आसपास किश्तें जारी होंगी। इससे कृषकों का त्योहार खुशियों से भर जाएगा। उपनिदेशक कृषि पवन कुमार विश्वकर्मा कहना है कि पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त जारी हाेने की अभी तिथि घोषित नहीं हुई है।
