विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाफामऊ ई-बस डिपो: जमीन खरीद को भेजा 50 करोड़ का प्रस्ताव, फाफामऊ पुलिस आवास के बगल चिह्नित हुई जमीन

Published: Fri, 25 Sep 2026 01:55 PM (IST)

प्रयागराज के फाफामऊ में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बस डिपो के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 50 करोड़ का बजट प्रस्ताव फाफामऊ ई-बस डिपो के लिए भेजा।

  2. कुंभ 2031 से पहले डिपो चालू करने का लक्ष्य निर्धारित।

  3. आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था प्रयागराज को मिलेगी।

फाफामऊ ई-बस डिपो: जमीन खरीद को भेजा 50 करोड़ का प्रस्ताव, फाफामऊ पुलिस आवास के बगल चिह्नित हुई जमीन

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगमनगरी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है।

फाफामऊ में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बस डिपो की परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के क्षेत्रीय प्रबंधक ने 50 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव तैयार कर लखनऊ स्थित मुख्यालय को भेज दिया है। धन मिलते ही जमीन की विधिवत रजिस्ट्री कराकर डिपो का निर्माण शुरू होगा। प्रयास है कि कुंभ 2031 से पहले डिपो चालू कर दिया जाए।

लखनऊ मार्ग के ठीक बगल में पुलिस आवास के पास तीन एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना के लिए जमीन प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) देगा। पीडीए बोर्ड की बैठक में इस पर औपचारिक मुहर लग चुकी है, अब केवल वित्तीय मंजूरी का इंतजार है।

तीन एकड़ के विशाल परिसर में एक साथ 50 से अधिक ई-बसों को खड़ा करने, उनके रख-रखाव और मरम्मत की पूरी सुविधा होगी। हाईस्पीड चार्जिंग मशीनें होने से बेहद कम समय में बसें चार्ज होंगी। लखनऊ हाईवे पर स्थित होने के चलते शहर के उत्तरी इलाके, ग्रामीण अंचल और मुख्य मार्गों पर बसों की आवाजाही बेहद सुगम और समयबद्ध रहेगी।

डिपो शुरू होने से शहर में बड़ी संख्या में ई-बसें चलेंगी। इससे पेट्रोल और डीजल से निकलने वाले धुएं में भारी कमी आएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यावरण को सुरक्षा और नागरिकों को स्वच्छ हवा मिलेगी।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यालय से 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलते ही जमीन की खरीद पूरी कर डिपो का ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को आने वाले समय में सुरक्षित और आरामदायक सफर मिल सकेगा।