विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन समेत सभी स्टेशनों पर 'वन-वे' सिस्टम खत्म, अब दोनों रास्तों से स्टेशन आ-जा सकेंगे यात्री

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 24 Jan 2026 08:38 PM (IST)

प्रयागराज जंक्शन समेत शहर के अन्य स्टेशनों पर वन-वे सिस्टम खत्म कर दिया गया है। माघ मेले में वसंत पंचमी ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन पर अब यात्री सिटी व सिविल लाइंस साइड से आ सकेंगे, यहां के अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा दे दी गई है।

प्रयागराज जंक्शन पर अब यात्री सिटी व सिविल लाइंस साइड से आ सकेंगे, यहां के अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा दे दी गई है।

HighLights

  1. प्रयागराज जंक्शन पर सिटी के साथ अब सिविल लाइन साइड से भी अब प्रवेश कर सकेंगे यात्री

  2. सूबेदारगंज, छिवकी, नैनी स्टेशनों पर भी बदलाव, वसंत पंचमी की भीड़ को लेकर लगी पाबंदियां हटीं

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के छंटते ही रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। प्रयागराज जंक्शन समेत शहर के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगाई गई सभी पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा ली गई हैं। अब यात्री अपनी सुविधा के अनुसार जंक्शन के दोनों प्रवेश द्वारों यानी सिटी साइड और सिविल लाइंस साइड से स्टेशन के भीतर आ-जा सकेंगे।

भीड़ नियंत्रण को लागू थी विशेष व्यवस्था 

सुरक्षित यात्रा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने 22 जनवरी से एक विशेष व्यवस्था लागू की थी। इस दौरान प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी और सूबेदारगंज जैसे स्टेशनों पर केवल एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकास की अनुमति दी गई थी।

यात्रियों को हो रही थी परेशानी 

प्रयागराज जंक्शन पर सिटी साइड से एंट्री और सिविल लाइंस से एग्जिट होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें स्टेशन के दूसरे छोर पर जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था। प्रशासन ने पहले इन प्रतिबंधों को 25 जनवरी तक लागू रखने का निर्णय लिया था, लेकिन वसंत पंचमी का स्नान पर्व बीतने के बाद स्टेशनों पर भीड़ कम होते ही इस आदेश को वापस ले लिया गया।

यात्रियों की आवाजाही सामान्य होने से रास्ता खोला गया 

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में यात्रियों की आवाजाही सामान्य हो गई है, जिसे देखते हुए रास्ता खोल दिया गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आगामी दिनों में दोबारा भीड़ बढ़ती है, तो सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक प्रतिबंध फिर से लागू किए जा सकते हैं। इस फैसले से दैनिक यात्रियों और शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है।