खगोल प्रेमियों के लिए खास रहेगा अक्टूबर, टूटते तारों की बारिश के साथ दिखेगा 'हंटर्स मून' और ग्रहों का संग
अक्टूबर का महीना खगोल प्रेमियों के लिए खास है, जिसमें ट्रैकोनिड्स और ओरियोनिड उल्का वर्षा के साथ 'हंटर्स मून' देखने ...और पढ़ें
-1791135358410_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
अक्टूबर में ट्रैकोनिड्स और ओरियोनिड उल्का वर्षा होगी।
26 अक्टूबर को 'हंटर्स मून' का अद्भुत नजारा दिखेगा।
चंद्रमा विभिन्न ग्रहों के करीब से गुजरता हुआ दिखाई देगा।
अमलेन्दु त्रिपाठी, प्रयागराज। खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वालों के लिए यह महीना खास है। ट्रैकोनिड्स व ओरियोनिड उल्का वर्षा के साथ 26 अक्टूबर को हंटरमून ध्यान आकर्षित करने वाला है। धनु, मकर, कुंभ, मेष, वृषभ व वृश्चिक राशियां (तारों का समूह) देखी जा सकती हैं।
ओफियुकस, हंस, वीणा/स्वरमंडल, गरुड़, पेगासस, एंड्रोमेडा और सारथी जैसे चमकदार तारों के समूह भी नजर आएंगे। वेगा, अल्टेयर, मेनकालिनन, डेनेब, हमल, मिर्फक, प्लीएड्स, एल्डबारन और अलनायर भी देख सकते हैं। ट्रैकोनिड्स उल्का वर्षा छह से 10 अक्टूबर के बीच होगी। आठ अक्टूबर को यह चरम पर रहेगी।
सूर्यास्त के बाद आसमान साफ रहने पर उत्तर दिशा में इसे देख सकेंगे। इसका नामकरण ड्रैको तारामंडल पर हुआ, क्योंकि उल्काओं का उद्गम इसी तारामंडल की दिशा से नजर आता है। जवाहर तारा मंडल की पूर्व विज्ञानी सुरूर फातिमा के अनुसार ओरियोनिड उल्कावर्षा भी देख सकते हैं। 21-22 अक्टूबर की रात यह चरम पर होगी।
प्रति घंटे 10 से 20 उल्काएं आधी रात के बाद नजर आ सकती हैं। ओरियन तारामंडल की वजह से इसका नामकरण 'ओरियोनिड' हुआ। इस माह पूर्णिमा 26 अक्टूबर को है। इस चंद्रमा को पश्चिमी देशों में हंटर्स मून (शिकारी का चांद) कहा जाता है। यह नाम मौसम के उस बदलाव को दिखाता है, जब लोग फसल काटने के बाद सर्दियों के लिए मांस जमा करने की तैयारी करते हैं।
हिरण व अन्य जानवरों के शिकार का अच्छा समय माना जाता है। अलग-अलग संस्कृतियों में मौसम बदलाव, प्राकृतिक घटनाओं और मानव की गतिविधियों के आधार पर पूर्णिमा के चंद्रमा को कई अन्य नाम दिए गए हैं। इनकी मदद से खेती की योजना बनाने, मौसम बदलने आदि का अहसास होता है। इन्हीं नामों में ड्राइंग राइस मून (चावल सुखाने वाला चांद) प्रमुख है।
अमेरिकी जनजातियों की डकोटा परंपरा के अनुसार फसल कटने के बाद चावल तैयार करने का यह अच्छा समय है। इसी चंद्रमा को फालिंग लीव्स मून (पत्ते झड़ने वाला चांद), फ्रीजिंग मून/आइस मून (जमने वाला चांद/ बर्फ वाला चांद), माइग्रेटिंग मून (प्रवासी चांद) भी कहा जाता है। यह पक्षियों के दक्षिण की ओर प्रवास का संकेत देता है। इस माह की पूर्णिमा का चंद्रमा शरद विषुव (आटम इक्विनाक्स) के सबसे करीब होता है।
पांच को चंद्रमा मंगल, 12 को बुध व शुक्र के पास रहेगा
जवाहर तारामंडल की विज्ञानी बताती हैं कि पांच अक्टूबर को चंद्रमा मंगल ग्रह, छह को बृहस्पति, 12 को बुध व शुक्र के करीब दिखाई देगा। 24 को यह शनि ग्रह के निकट पहुंच जाएगा।
ग्रहों की राशियों (राशियां तारों का समूह हैं।) से निकटता की बात करें तो सूर्य कन्या राशि में है। एक नवंबर को तुला राशि में चला जाएगा। बुध, शुक्र वृश्चिक राशि में हैं, मंगल कर्क राशि में है। इसे रात 1:15 बजे देख सकेंगे। बृहस्पति सिंह राशि में है, इसे सूर्यास्त के बाद भोर में 3:50 बजे तक देख सकेंगे, शनि मेष राशि में है पूरी रात यह नजर आएगा।
