नौकरी का सपना होगा पूरा! उत्तर मध्य रेलवे में 694 पदों पर भर्ती शुरू, ऐसे करें आवेदन
उत्तर मध्य रेलवे ने सेवारत कर्मचारियों के लिए जीडीसीई कोटा 2026 के तहत 694 पदों पर भर्ती अधिसूचना जारी की है।

HighLights
उत्तर मध्य रेलवे में 694 विभागीय पदों पर भर्ती जारी।
आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगी।
एएलपी, तकनीशियन, जेई सहित विभिन्न पद शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) उत्तर मध्य रेलवे ने सेवारत नियमित कर्मचारियों के लिए सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (जीडीसीई) कोटा 2026 के अंतर्गत 694 पदों पर भर्ती अधिसूचना जारी की है। आनलाइन आवेदन प्रक्रिया वेबसाइट www.rrcpryj.org पर एक अक्टूबर यानी गुरुवार से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेगी।
भर्ती में असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) के 428 पद (विद्युत विभाग, तकनीशियन के 89 पद, जिसमें तकनीशियन ग्रेड-एक (सिग्नल व टेलीकाम) के पांच पद (पे-लेवल पांच) और तकनीशियन ग्रेड-तीन के विभिन्न ट्रेडों (फिटर, वेल्डर, ब्लैकस्मिथ, टर्नर, टीएमसी आदि) में 84 पद शामिल हैं।
जूनियर इंजीनियर (जेई) के विभिन्न विभागों (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल व टेलीकाम) में कुल 70 पद (पे-लेवल छह) और गैर-तकनीकी (एनटीपीसी) में कुल 107 पद, जिसमें कामर्शियल कम टिकट क्लर्क के 104 पद (पे-लेवल तीन) और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के तीन पद (पे-लेवल दो) शामिल हैं। शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास के साथ बीई/बीटेक डिग्री तक है। परीक्षा कंप्यूटर पर होगी और बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
अप्रेंटिस मेले में 53 प्रशिक्षार्थियों का हुआ चयन
नैनी: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन हुआ। जिसमें 110 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। 53 का चयन किया गया। उद्घाटन उप प्रधानाचार्य मोहनलाल ने किया। महिंद्रा एंड महिंद्रा (स्वराज ट्रैक्टर डिवीजन) अंबाला हरियाणा के एचआर दुष्यंत कुमार ने साक्षात्कार के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों का चयन किया। इस अवसर पर अप्रेंटिस एडवाइजर अमृत लाल गुप्ता, सुन्द्रिका प्रसाद, कार्यदेशक हेमंत यादव, अनुदेशक सुमित मिश्रा उपस्थित रहे।
