UP में चलती ट्रेन में महिला से चेन स्नेचिंग, दो अन्य यात्रियों से आभूषण-नकदी और गैजेट्स चोरी
प्रयागराज जीआरपी ने तीन अलग-अलग ट्रेनों में हुई चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर रिपोर्ट दर्ज की है। इन वारदातों में यात्रियों के गहने, नकदी और मोबाइल फोन चोरी हुए।

चलती ट्रेन में महिला से चेन स्नेचिंग हुई, प्रयागराज जीआरपी ने केस दर्ज किया।
HighLights
तीन अलग-अलग ट्रेनों में हुई घटनाएं, जीआरपी ने दर्ज की रिपोर्ट
पीड़ित रेलयात्रियों की तहरीर पर जीआरपी प्रयागराज में केस दर्ज
ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर उठे सवाल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अलग-अलग रेल मार्गों पर सक्रिय उचक्कों और चोरों ने तीन यात्रियों को अपना निशाना बनाते हुए गहने, नकदी, मोबाइल और कीमती दस्तावेज पार कर दिए। पीड़ितों की शिकायत पर जीआरपी प्रयागराज ने प्राथमिक सूचना दर्ज कर मामलों की जांच संबंधित थानों को स्थानांतरित कर दी है।
चलती ट्रेन में झपट्टा मारकर छीनी सोने की चेन
पहली वारदात जौनपुर-प्रयाग संगम ट्रेन संख्या 54376 में सामने आई। जौनपुर के मड़ियाहूं क्षेत्र स्थित मैनपुर गांव की रहने वाली दीपशिखा सिंह प्रयाग जंक्शन के लिए यात्रा कर रही थीं। ट्रेन जैसे ही जरौना रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, एक अज्ञात बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
जौनपुर में चलती ट्रेन से कूदकर बदमाश फरार
महिला ने जब विरोध करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद उसने हाथ का कंगन खींचने का भी प्रयास किया और चलती ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गया। सहयात्रियों की मदद से वह किसी तरह सुरक्षित प्रयाग जंक्शन पहुंचीं और जीआरपी थाने में आपबीती सुनाई तो केस दर्ज हुआ।
सोते रह गए यात्री, कानपुर में आईफोन व बैग ले उड़े चोर
दूसरी घटना लालगढ़ एक्सप्रेस (12404) में घटित हुई। गोरखपुर के गगहा क्षेत्र स्थित चिऊहहां गांव के निवासी संदीप राम त्रिपाठी जयपुर से प्रयागराज का सफर कर रहे थे। वह कोच एस-3 की सीट नंबर 7 पर यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान जब ट्रेन कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रुकी, तब संदीप सो रहे थे। नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि उनका बैग गायब था।
एटीएम कार्ड, आईपैड आदि भी चोरी
पीड़ित के अनुसार बैग में एक आईफोन 6 (बीएसएनएल सिम सहित), एक आईपैड, हाई कोर्ट का पहचान पत्र तथा एसबीआई, इलाहाबाद बैंक और केनरा बैंक के कुल चार एटीएम कार्ड रखे हुए थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब बैग नहीं मिला, तो उन्होंने जीआरपी से मदद की गुहार लगाई। यह मामला जांच के लिए जीआरपी कानपुर स्थानांतरित कर दिया गया है।
एसी कोच में भी सेंधमारी, हैंडबैग से नकदी गायब
तीसरी वारदात आंबेडकर नगर एक्सप्रेस (14115) के एसी कोच ए-वन में हुई। प्रयागराज के नैनी क्षेत्र की निवासी नम्रता सिंह महोबा-बांदा रेलखंड के बीच सफर कर रही थीं। वह सीट नंबर 9 पर यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान देर रात किसी अज्ञात चोर ने उनके बैग पर हाथ साफ कर दिया।
बांदा स्टेशन पर रुपये चोरी होने का पता चला
बांदा स्टेशन पर पहुंचने पर उन्हें आभास हुआ कि उनके हैंडबैग से 6,500 रुपये चोरी हो चुकी है। पीड़िता ने बांदा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और कोच के रिजर्वेशन चार्ट (मेनिफेस्ट) की जांच कर आरोपित को पकड़ने की मांग की है। जीआरपी प्रयागराज ने जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की तफ्तीश जीआरपी बांदा को सौंप दी है।
यात्रियों ने ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
एक ही दिन में सामने आईं इन तीन घटनाओं से ट्रेन यात्रियों में गहरा रोष और दहशत है। यात्रियों का कहना है कि स्लीपर से लेकर वातानुकूलित कोचों तक असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर रोक नहीं लग पा रही है। जीआरपी और आरपीएफ द्वारा पेट्रोलिंग बढ़ाने और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सख्त करने की मांग तेज हो गई है।
