विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LT ग्रेड मुख्य परीक्षा-2025 और D.El.Ed चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा तिथि टकराई, अभ्यर्थी असमंजस में

By Awadhesh Pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 18 Apr 2026 11:45 PM (IST)Updated: Sun, 19 Apr 2026 12:54 PM (IST)

डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर और एलटी ग्रेड मुख्य परीक्षा 16 मई को टकरा रही हैं, जिससे कई अभ्यर्थी असमंजस में हैं। ...और पढ़ें

डीएलएड के कुछ अभ्यर्थी एलटी ग्रेड भर्ती की परीक्षा भी देंगे, दोनों की तिथि टकरा रही है।

डीएलएड के कुछ अभ्यर्थी एलटी ग्रेड भर्ती की परीक्षा भी देंगे, दोनों की तिथि टकरा रही है।

HighLights

  1. डीएलएड के कुछ अभ्यर्थी भी देंगे एलटी ग्रेड भर्ती की परीक्षा

  2. 16 मई को प्रस्तावित हैं एलटी ग्रेड व डीएलएड की परीक्षाएं

  3. डीएलएड परीक्षा तिथि में संशोधन की पीएनपी सचिव से मांग

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी यानी एलटी ग्रेड (पुरुष/महिला)-2025 की मुख्य परीक्षा विषयवार अलग-अलग तिथियों में प्रस्तावित हैं। इसमें से विज्ञान, गृहविज्ञान एवं कृषि/उद्यानकर्म की मुख्य परीक्षा 16 मई को होनी है।

अभ्यर्थियों में एक परीक्षा छूटने का संकट

इसी तिथि में उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) की डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) चतुर्थ सेमेस्टर की भी तीन विषयों की परीक्षा भी पड़ रही है। इससे डीएलएड के उन अभ्यर्थियों के सामने एक परीक्षा छूटने का संकट खड़ा हो गया है, जो एलटी ग्रेड की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं।

कई अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में किया है आवेदन

डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 1,60,784 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनकी 16 मई को हिंदी, अंग्रेजी, शांति शिक्षा एवं सतत विकास विषय की परीक्षा होनी है। इसमें से कई अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो बीएड योग्यता के आधार पर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में सम्मिलित हो रहे हैं। एलटी ग्रेड की 16 मई की मुख्य परीक्षा के लिए 3100 से ज्यादा अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

तिथि में संशोधन की मांग अभ्यर्थियों ने की 

दोनों परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे अभ्यर्थी तिथि टकराने से उलझन में हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों ने पीएनपी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी से मांग की है कि डीएलएड परीक्षा की 16 मई की तिथि में संशोधन किया जाए, जिससे कि उन्हें दोनों परीक्षाओं में सम्मिलित होने का अवसर मिल सके।

पीएनपी सचिव सचिव ने दिया आश्वासन 

इस संबंध में पीएनपी सचिव ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवेदन मिलने पर देखा जाएगा कि एलटी ग्रेड मुख्य परीक्षा में कितने डीएलएड प्रशिक्षु सम्मिलित हो रहे हैं। यदि अड़चन होगी तो डीएलएड की परीक्षा तिथि बढ़ाने पर परीक्षा समिति विचार करेगी।