अफसरों का वनवे ट्रैफिक नहीं चलेगा, जलभराव के लिए तय होगी जिम्मेदारी; केशव मौर्य ने प्रयागराज में दिखाए तल्ख तेवर
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में जलभराव की समस्या पर अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया और उनके 'वनवे ट्रैफिक' ...और पढ़ें

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।
HighLights
शहर में जलभराव की समस्या को लेकर अफसरों संग बैठक की, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
बोले- समाज कल्याण के स्कूलों के शिक्षकों को जल्द मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश सरकार ने स्कूलों के रसोइयों का मानदेय बढ़ाने के साथ पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी है। शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मियों को भी यह सुविधा मिल रही है। जल्द ही समाज कल्याण के स्कूलों के शिक्षकों और कर्मियों को भी योजना का लाभ मिलने लगेगा। यह भरोसा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दिया।
रसोइयों को मुख्यमंत्री आवास योजना का मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री ने कहा, रसोइयों के सम्मान समारोह में कई लोगों से बात की तो पता चला कि उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके लिए दिशा निर्देश दे दिए गए हैं, जल्द ही उन्हें योजना का लाभ मिलेगा।
शहर में जलभराव को गंभीरता से लिया
बताया कि शहर में जलभराव की समस्या को लेकर अफसरों के साथ बैठक की गई है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई भी की जाएगी। चेतावनी भरे शब्दों में कहा, अफसरों का वन वे ट्रैफिक नहीं चलेगा। वे समस्या के समाधान के लिए प्रजेंटेशन बनाएंगे और जल प्रतिनिधि उसे देखेंगे। उनके सुझाव को लेकर ही आगे बढ़ेंगे। वर्तमान में समस्या के निदान के लिए अफसर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कदम उठा रहे हैं। भविष्य में ऐसा न हो, अगले 100 वर्ष के अनुरूप कार्ययोजना बनाई जा रही है। समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ कार्य होगा।
जलभराव न हो, ठोस कदम उठाए जा रहे
खासकर रामबाग चौराहा, मेडिकल चौराहा, जार्जटाउन, टैगोरटाउन, भरद्वाजपुरम में पानी न भरे इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सीवर लाइन, जल भराव की समस्या के समाधान की रिपोर्ट तैयार हो रही है। केशव ने बताया कि अफसरों के साथ हुई बैठक में गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अफसरों की मनमानी का प्रकरण प्रकाश में आया है। उन पर कार्रवाई की जाएगी।
कई वार्डों की शिकायतें मिली हैं, निस्तारण होगा
राजापुर में सीवर और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए भी दिशा निर्देश दिए गए हैं। अफसर जन प्रतिनिधि वाट्सएप ग्रुप बनाकर अपनी समस्याओं की जानकारी देंगे और ठोस कदम भी उठाएंगे। कई वार्डों की शिकायतें मिली हैं। सभी का निस्तारण किया जा रहा है।
अवैध प्लाटिंग रोकी जाएगी
केशव बोले कि इनर रिंग रोड का प्रथम चरण पूरा हो रहा है। जहां से यह रोड गुजर रही है, वहां ऐसे क्षेत्र चिह्नित किए जा रहे हैं जहां नए प्रयागराज की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा सकेगा। भूमाफिया को नहीं सक्रिय होने दिया जाएगा। अवैध प्लाटिंग रोकी जाएगी। अगले 100 वर्ष के विकास की रूपरेखा बनाई जा रही है। जगह जगह छात्रावास, अस्पताल आदि की व्यवस्था की जाएगी।
सपा और कांग्रेस पर कसा तंज
उप मुख्यमंत्री केशव ने सपा मुखिया को घेरते हुए कहा, आने वाले समय में सपा के पांच सांसद और इतने ही विधायक बचेंगे। पूरी पार्टी सैफई तक सिमट जाएगी। वह अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें परिवारवाद के फायदे बताते हुए कहा गया कि परिवार के पांच सांसद होने के कारण ही पार्टी में कभी टूटफूट नहीं हुई। कांग्रेस पर हमला करते हुए केशव ने कहा, वंदेमातरम के टुकड़े कर देश के टुकड़े करने का पाप कांग्रेस ने किया है। वही अपराध फिर दोहराना चाहते हैं, भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।
जो आरक्षण मिल रहा, उसमें कोई कटौती नहीं
आर्थिक आधार पर आरक्षण का बसपा की ओर से विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा, जो आरक्षण अभी मिल रहा है उसमें भाजपा कोई कटौती नहीं करने जा रही है। स्कूलों के सुधार के संदर्भ में बोले, आपरेशन कायाकल्प से स्कूल और वहां पठन-पाठन के स्तर को बहुत हद तक ठीक किया गया है, आगे यदि कहीं कोई शिकायत मिलेगी तो उसे भी दुरुस्त कराया जाएगा।
