विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दुबई में भतीजे का वीजा समाप्त हो गया है, जल्दी पैसा भेजो वरना जेल भेज देंगे'; साइबर ठगों ने किसान से 2.80 लाख रुपये ठगे

By raj k. srivastava Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 14 Jul 2026 05:31 PM (IST)

साइबर ठगों ने कौशांबी के एक किसान को दुबई में भतीजे के वीजा समाप्त होने और जेल भेजने का डर ...और पढ़ें

साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कौशांबी के किसान से साइबर ठगी की।

साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कौशांबी के किसान से साइबर ठगी की।

HighLights

  1. डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कौशांबी जिले के किसान से साइबर ठगी

  2. भतीजे की फेसबुक आइडी हैक करने के बाद मैसेज भेजकर मांगे गए रुपये

  3. कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज, पइंसा के भुक्तभोगी की पुलिस ने नहीं सुनी थी

जागरण संवाददाता, कौशांबी। साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर एक किसान से 2.80 लाख रुपये की ठगी की। आरोपितों ने दुबई में नौकरी कर रहे किसान के भतीजे की फेसबुक आइडी हैक करके संदेश भेजा। इसमें वीजा समाप्त होने और जेल भेजे जाने का भय दिखाया गया। उनके जाल में फंसकर किसान ने कई खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी। अदालत के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।

साइबर ठगों ने संतोष को डराया 

पइंसा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी संतोष कुमार का भतीजा दुबई में निजी कंपनी में नौकरी करता है। 12 फरवरी को भतीजे की फेसबुक आइडी से मैसेज भेजा गया कि उसका वीजा समाप्त हो गया है और उसे तत्काल रुपये की जरूरत है। इसके बाद दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वाट्सएप काल और संदेश के जरिए खुद को संबंधित अधिकारी बताने वाले लोगों ने संपर्क किया। वीजा संबंधी कार्रवाई पूरी न होने पर भतीजे को जेल भेजने की बात कहकर संतोष को डराया।

कई बैंक खातों व ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराए 

संतोष कुमार ने साइबर अपराधियों के बताए बैंक खातों और ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग किश्तों में 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने भतीजे से फोन पर बात की तो सच्चाई सामने आई। भतीजे ने बताया कि उसका मोबाइल खराब होने के कारण रिपेयरिंग के लिए दिया गया था और उसने किसी तरह के रुपये नहीं मांगे थे।

पुलिस ने नहीं सुनी तो कोर्ट की शरण ली 

इसके बाद संतोष को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित के मुताबिक उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है।

जांच-पड़ताल की जा रही है : पंइसा इंस्पेक्टर 

पंइसा इंस्पेक्टर सीबी मौर्य ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- रामपुर गोलीकांड : आरोपित कुलदीप सिंह की जमानत इलाहाबाद हाई कोर्ट में मंजूर, बिलासपुर में हुई थी घटना

यह भी पढ़ें- Indian Railways : रेलवे का नया नियम, मोबाइल से जनरल टिकट बुक करने पर 15 जुलाई से आइडी कार्ड जरूरी