यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Janmashtami 2025 : श्रीकटरा रामलीला कमेटी भव्यता से आयोजित करेगी श्रीकृष्ण लीला, 50 पात्रों का चयन
Janmashtami 2025 भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकटरा रामलीला कमेटी की ओर से भव्यता से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : Janmashtami 2025 योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण की आभा से जन-जन को जोड़ने के लिए श्रीकटरा रामलीला कमेटी श्रीकृष्ण लीला का मंचन कराएगी। ध्वनि-प्रकाश के माध्यम से श्रीकृष्ण की अद्भुत लीला राम वाटिका में 16 से 21 अगस्त तक मंचित होगी। इसके लिए पात्रों का चयन पूरा हो गया है।
चयनित पात्रों में हर्ष श्रीवास्तव को श्रीकृष्ण, निकिता यादव को राधा, अंशुमान केसरवानी को बलराम, अलका सिंह को यशोदा, अंकित शर्मा काे कंस, अनुज दुबे को नंद बाबा, श्वेता जायसवाल को देवकी, गौतम त्रिपाठी को अक्रूर, आशी केसरवानी को बाल कृष्ण का पात्र निभाने के लिए चुना गया है। अलग-अलग पात्रों के लिए लगभग 50 कलाकार चुने गए हैं।
मंचन देखने हजारों की जुटती है भीड़
कमेटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता कक्कू ने बताया कि लीला का निर्देशन अक्षत कुशवाहा करेंगे। नृत्य निर्देशक रवि कुशवाहा हैं। मंत्री विपुल मित्तल के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) को श्रीकटरा रामलीला कमेटी भव्यता से मनाती है। इसके तहत श्रीकृष्ण लीला का मनोरम मंचन कराया जाता है। इसे देखने हजारों की भीड़ जुटती है। उमेश चंद्र केसरवानी, अश्वनी केसरवानी, विनोद केसरवानी, मयंक अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, शिवबाबू गुप्ता, महेश चंद्र गुप्ता, दिलीप चौरसिया उपस्थित रहे। वहीं, कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गोपालबाबू जायसवाल के अनुसार श्रीकृष्ण लीला के माध्यम से कन्हैया के हर स्वरूप का जीवंत दर्शन कराया जाता है।
.jpg)
शार्ट फिल्मों में काम करते हैं हर्ष
श्रीकृष्ण के पात्र के लिए चुने गए हर्ष श्रीवास्तव फतेहपुर के रहने वाले हैं। स्नातक के बाद रंगमंच से जुड़ गए। दो शार्ट फिल्म में भी काम कर चुके हैं। कहते हैं कि मैं श्रीराम व श्रीकृष्ण का पात्र पहले भी निभा चुका हूं। यह पात्र निभाना गौरवपूर्ण है।
.jpg)
माडलिंग करते हैं अंकित
कंस का पात्र निभाने वाले अंकित शर्मा माडलिंग करते हैं। इसके पहले रामलीला में रावण का पात्र निभा चुके हैं। कहते हैं कि कंस व रावण का पात्र मिलना सौभाग्यपूर्ण है। इसके माध्यम से स्वयं का कृतित्व और व्यक्तित्व बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है।
.jpg)
गायक हैं निकिता
राधा का पात्र निभाने वालीं निकिता यादव गायक हैं। कहती हैं कि स्नातक करने के बाद अभिनय शुरू किया। निकिता ताइक्वांडो खिलाड़ी भी हैं। कहती हैं कि अलग-अलग रूपों में काम करने से आत्मविश्वास काफी बढ़ता है।
अभिनेता व कोरियोग्राफर हैं अंशुमान
श्रीकृष्ण लीला में बलराम का पात्र निभाने वाले अंशुमान केसरवानी कई भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके हैं। कोरियोग्राफी भी करते हैं। मुंबई में माडलिंग के साथ शार्ट फिल्मों में काम कर रहे हैं। बलराम का पात्र मिलने पर उत्साहित हैं।
