रेलवे में स्वच्छता नियम हुए सख्त, थूकने और कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना
भारतीय रेलवे ने स्टेशनों और ट्रेनों में गंदगी फैलाने पर लगने वाले जुर्माने को दोगुना कर दिया है। प्रयागराज सहित ...और पढ़ें
-1790028935100_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
रेलवे ने गंदगी फैलाने पर जुर्माना दोगुना किया।
अब 500 की जगह 1000 रुपये का जुर्माना लगेगा।
जुर्माना न भरने पर कोर्ट में 2000 तक दंड।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को साफ-सुथरा रखने के लिए भारतीय रेलवे ने नियमों को सख्त कर दिया है। अब अगर कोई भी यात्री स्टेशन या ट्रेन में गंदगी फैलाता, कचरा फेंकता या थूकता पकड़ा गया, तो उस पर पहले से दोगुना जुर्माना लगेगा।
रेलवे ने जुर्माने की राशि 500 से बढ़ाकर सीधे एक हजार रुपये कर दी है। मौके पर यह जुर्माना नहीं भरा, तो मामला कोर्ट जाएगा और वहां दो हजार रुपये तक का दंड भुगतना पड़ सकता है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी सहित तमाम स्टेशनों पर यह कड़ा नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड के कार्यपालक निदेशक (यात्री विपणन) शिवेंद्र शुक्ला ने 24 अगस्त को अधिसूचना जारी की थी, जिसे 25 अगस्त को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। इसके बाद 18 सितंबर को रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को आदेश जारी कर इसे कड़ाई से लागू करने को कहा है। वर्ष 2012 के पुराने नियमों के मुताबिक, स्टेशन या बोगियों में गंदगी करने पर अधिकतम 500 तक का जुर्माना लगता था।
कम जुर्माने की वजह से कई लोग इसकी परवाह नहीं करते थे। जन विश्वास अधिनियम के तहत नियमों में बदलाव करके जुर्माने को सीधा दोगुना यानी एक हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही नियम और कड़ा करते हुए यह भी जोड़ दिया गया है कि जुर्माना न देने वाले को सीधे अदालत में पेश किया जाएगा, जहां जज दो हजार रुपये तक का जुर्माना लगा सकते हैं।
रेलवे बोर्ड के निदेशक यातायात वाणिज्य (सामान्य) निशीथ लुकास तिग्गा के अनुसार यात्रियों को जागरूक करने के लिए सभी स्टेशनों पर पोस्टर लगाए जाएंगे, ट्रेनों के अंदर सूचनाएं चस्पा होंगी, लाउडस्पीकर से बार-बार घोषणा की जाएगी और विज्ञापनों के जरिये भी लोगों को आगाह किया जाएगा। स्टेशन पर चेकिंग करने और जुर्माना वसूलने के लिए अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है। रेलवे की अपील है कि सभी यात्री स्वच्छता बनाए रखें और कार्रवाई से बचें।
