विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में खाद्य वस्तुओं के दाम दो दिन में तेजी से बढ़े, सरसों तेल 210 से 230 रुपये, आटा-मैदा व फार्चून भी महंगा

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 04 Sep 2026 05:36 PM (IST)

चीनी की कीमतों में गिरावट के बावजूद प्रयागराज में आटा, मैदा और सूजी सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ ...और पढ़ें

सरसों तेल, फार्चून व आटा-मैदा के दाम बढ़े हैं।

सरसों तेल, फार्चून व आटा-मैदा के दाम बढ़े हैं।

HighLights

  1. एक सितंबर से चीनी की कीमत में आने लगी कमी

  2. इसका सीधा असर अब फुटकर दुकानों पर पड़ेगा

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। तेजी से बढ़ी चीनी की कीमत में भले कुछ कमी आई हो, लेकिन अन्य सामग्रियों के दाम में उछाल आया है। थोक बाजार में चीनी 5800 रुपये प्रति क्विंटल आ गई है। वहीं आटा, मैदा और सूजी में प्रति क्विंटल 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। 15 लीटर फार्चून 30 तो पाम आयल 60 रुपये महंगा हुआ है। इसका सीधा असर अब सीधे फुटकर दुकानों पर पड़ेगा।

एक सितंबर से चीनी का रेट गिरा

31 अगस्त तक चीनी फुटकर बाजार में 70 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, लेकिन एक सितंबर से इसकी कीमत में कमी आने शुरू हुई और तीन सितंबर को यह 65 रुपये में आ गई। हालांकि, इसकी बीच अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम में उछाल आ गया।

सरसों का खुला तेल 210 से 230 रुपये प्रति लीटर

इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश चंद्र केसरवानी ने बताया कि तीन सितंबर को थोक बाजार में प्रति क्विंटल चीनी 5800 रुपये में थी। वहीं, प्रति क्विंटल आटा 3180 से बढ़कर 3280 रुपये हो गया है। सूजी 3300 से बढ़कर 3400 और मैदा 3240 से 3320 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है। सरसों का तेल बोतल बंद 190-195 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि खुला सरसों का तेल 230 रुपये पहुंच गया है। पहले यह 210 रुपये प्रति लीटर था।

आने वाले दिनों में तेजी बरकरार रहने की संभावना 

उनका कहना है कि इसके पीछे वजह यह है कि बाहर से आने वाले खाद्य सामग्रियां पहले ही अपेक्षा कम आ रही हैं। गेहूं, सरसों से लेकर सभी खेती प्रभावित हुई है। आने वाले दिनों में चीनी की कीमत में कुछ कमी आ सकती है, जबकि अन्य सामग्रियों में तेजी बरकरार रहने की संभावना है।

फुटकर दाम

चीनी : 65
आटा : 35-36
मैदा : 35
सूजी : 35
रिफाइंडर : 145
सरसों का बोतल बंद तेल : 190-195 (प्रतिलीटर)
सरसों का खुला तेल : 230 (प्रतिलीटर)
(नोट : दाम प्रतिकिलो में)