मुख्यमंत्री योगी आज आएंगे प्रयागराज, HCBA करेगा स्वागत; प्रदेश के अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस इलाज की कर सकते हैं घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज आएंगे, जहां हाई कोर्ट बार एसोसिएशन उनका स्वागत करेगा। इस दौरान वे प्रदेश के अधिवक्ताओं ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।
HighLights
मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली इस आयोजन के विशिष्ट अतिथि होंगे
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम चार बजे संगम नगरी में आएंगे। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद (एचसीबीए) की ओर से आयोजित अपने स्वागत समारोह में सीएम हिस्सा लेंगे। मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली इस आयोजन के विशिष्ट अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
और भी कई घोषणा कर सकते हैँ सीएम
अनुमान है कि मुख्यमंत्री इस मंच से प्रदेश भर के अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस इलाज की घोषणा कर सकते हैं। गोरखपुर में जुलाई में मुख्यमंत्री ने इस तरह का आश्वासन एक कार्यक्रम में दिया था। मुख्यमंत्री हाई कोर्ट के नए बहुमंजिला भवन में बनाए गए चैंबर्स के लिए मेंटेनेंस, फर्नीचर और के लिए भी बजट की घोषणा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गई हैं मांग
करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 2400 चैंबर्स वाली बिल्डिंग का उद्घाटन 31 मई 2025 को हो गया था लेकिन 1500 रुपये मासिक किराया और 75 हजार से ढाई लाख तक धरोहर राशि तय होने से अधिवक्ताओं में नाराजगी है। मेंटेनेंस के लिए सालाना 24 करोड़ रुपये बजट में जोड़ने की मांग की है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों के माध्यम से यह मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गई है।
