विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रयागराज के CHC अधीक्षक पर कार्रवाई का दिया आदेश, एक्स पर किया पोस्ट

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 08 May 2026 07:13 PM (IST)

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रयागराज के सीएचसी मेजा के अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। ...और पढ़ें

यूपी के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक।

यूपी के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक।

HighLights

  1. डिप्टी सीएम ने स्थानांतरण, विभागीय कार्यवाही के लिए कहा

  2. सीएचसी मेजा के अधीक्षक पर है दायित्व में लापरवाही का आरोप

  3. स्थानांतरण और विभागीय कार्यवाही के निर्देश जारी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में सीएचसी मेजा के अधीक्षक डाॅ. शमीम अख्तर पर लगाए गए गंभीर आरोप को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने एक्स पर अपनी नाराजगी पोस्ट करके डाॅ. शमीम के स्थानांतरण और विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए हैं।

विभाग को लिखित आदेश की प्रतीक्षा 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को जारी पोस्ट में कहा है कि अस्पताल के अधीक्षक प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं, अधीनस्थ कर्मचारियों पर उनका नियंत्रण नहीं है। हालांकि उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग को लिखित आदेश की प्रतीक्षा है।

समाजसेवी ने शासन को भत्र भेजकर की शिकायत 

मेजा खास निवासी समाजसेवी अजयकांत ओझा ने शासन को पत्र भेजकर डाॅ. शमीम अख्तर और अस्पताल में तैनात आयुष चिकित्सक डाॅ. रेशमा खान की शिकायत की थी। आरोप लगाया कि डाॅ. रेशमा खान सप्ताह में दो या तीन दिन ही आती हैं। ओपीडी रजिस्टर अपने साथ ले जाती हैं। जबकि डाॅ. शमीम अख्तर कहते थे कि वे रोज अस्पताल आते हैं।

इन पर भी आरोप

अजयकांत ने आरोप यह भी लगाया कि उपस्थिति पंजिका में डाॅ. रेशमा खान हस्ताक्षर एडवांस में करती हैं। दोनों ही चिकित्सक अपने दायित्व का निर्वहन करने में लापरवाही कर रहे हैं। सीएमओ ने इस शिकायत पर तीन सदस्यीय समिति से जांच कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर डाॅ. रेशमा खान को वहां से स्थानांतरित कर फूलपुर सीएचसी भेज दिया। अजय कांत ओझा का कहना है कि डाॅ. शमीम अख्तर ने उनके खिलाफ कर्मचारियों को बरगला कर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कराया था, जबकि सीएमओ ने डाॅ. शमीम पर कोई कार्रवाई नहीं की।  

डाॅ. शमीम अख्तर के संबंध में शासन से कोई पत्र नहीं आया है। एक्स पर उप मुख्यमंत्री के द्वारा अधीक्षक को स्थानांतरित किए जाने के आदेश की जानकारी हुई है। कोई लिखित आदेश आए तो उसका अनुपालन करेंगे।

- डाॅ. एके तिवारी, सीएमओ प्रयागराज