UP News: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लोगों तक पहुंचाएंगे सरकार का रिपोर्ट कार्ड, घर-घर किया जाएगा संपर्क
उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ( BJP Government ) के आठ साल पूरे होने पर पार्टी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से सरकार की योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड लोगों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है। महिला जनसंपर्क ग्राम सभा स्तर पर महिला मोर्चा द्वारा लाभार्थी महिलाओं से घर-घर संपर्क किया जाएगा। विभिन्न आयोजनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जाएंगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने आठ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इसके लिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी खूब उत्साह दिखा रहे हैं। संगठन ने अलग ही रणनीति बनाई है। प्रदेश स्तर पर इंफ्लूएंसर मीट का आयोजन होगा।
इसमें सोशल मीडिया के प्रमुख इंफ्लुएंसर शामिल होंगे। वे सरकार की योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके अतिरिक्त महिला जनसंपर्क (ग्राम सभा स्तर पर) महिला मोर्चा द्वारा लाभार्थी महिलाओं से घर घर संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है। गांव में महिला चौपाल लगाई जाएगी।
भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने बताया कि सभी अभियान की रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को दी जाएगी। इन आयोजनों में जिला की आईटी एवं सोशल मीडिया टीम का विशेष सहयोग लेना है। गंगापार, यमुनापार और महानगर में होने वाले आयोजनों की तस्वीर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित की जाएगी। इसके लिए क्षेत्र/जिला स्तर पर निगरानी टीम का गठन किया जाना है।
इसे भी पढ़ें- यूपी और दिल्ली से नेपाल के लिए जल्द शुरू होगी AC बस सेवा, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सभी जिलों में अभियान की प्रचार सामग्री जैसे बुकलेट, हैंडबिल, स्टीकर, वीडियो, स्लोगन, फ्लैक्स / होर्डिंग आदि बनवाई जा रही है। संगठन ने आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को बड़े स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। बाबा साहब आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता कार्यक्रम चलेगा। इसके अतिरिक्त सभी बूथों पर चित्र लगाकर पुष्पार्चन करना व भाजपा सरकार द्वारा सामाजिक न्याय एवं सामाजिक समरसता विषयों पर किए कार्यों की चर्चा की जाएगी।
.jpg)
सीएम योगी आदित्यनाथ। जागरण
संगठन प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन (जिला स्तर पर) करेगा। इसमें चिकित्सक, इंजिनियर, शिक्षक, व्यापारी, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार, खिलाड़ी तथा अन्य प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया जाएगा। उनके साथ सरकार की उपलब्धियों/योजनाओं पर चर्चा होगी। जिला स्तर पर बाइक रैली भी निकाली जाएगी। यह आयोजन युवा मोर्चा की ओर से होगा। इसमें भी सरकार की प्रमुख परियोजनाओं को बताने का लक्ष्य रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें- UP News: शराब के नशे में शैतान बना था पिता, अपनी ही बेटी से किया दुष्कर्म; अब अदालत ने दी 20 साल कड़ी कैद की सजा
विकास गोष्ठी (विधान सभा स्तर पर) भी होगी। इसमें करीब एक हजार लोगों को एकत्र करने का लक्ष्य रहेगा। इसमें समस्त जनप्रतिनिधि वर्तमान व पूर्व सांसद, विधायक, एम.एल.सी., मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, प्रधान, बीडीसी को आपरेटिव एवं अन्य प्रमुख लोगों को शामिल कराया जाएगा।
छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस दिन भी घर-घर संपर्क अभियान चलेगा। यह ग्राम सभा स्तर पर नौ अप्रैल तक जारी रहेगा। प्रत्येक बूथ पर बैठक कर सरकार के आठ वर्ष के कार्यों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं के घर पर झंडा भी लगवाया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।