अली अहमद से प्रयागराज कोर्ट में मिलने पहुंचे थे अतीक के गुर्गे, पुलिस ने शुरू की जांच; खंगाले CCTV वीडियो
अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से प्रयागराज कोर्ट में मिलने पहुंचे उसके गुर्गों और संदिग्धों के बाद पुलिस ने गोपनीय जांच शुरू कर दी है।

अली अहमद
HighLights
अली अहमद से मिलने कचहरी पहुंचे अतीक के कई गुर्गे।
संदिग्धों की मौजूदगी पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच शुरू।
अतीक के फाइनेंसर और मदद करने वाले भी रडार पर।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। झांसी जेल से पेशी पर आए अली अहमद से मिलने के लिए माफिया अतीक के तमाम गुर्गे कचहरी पहुंचे थे। इसमें हिस्ट्रीशीटर का बेटा और कई अपराधी भी शामिल थे।
कई संदिग्ध युवकों की मौजूदगी के कारण अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनात करना पड़ा था। अतीक के गुर्गों के पहुंचने, अपराधियों के शामिल होने समेत अन्य तरह की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गोपनीय ढंग से जांच शुरू कर दी है। अतीक के परिवार के फाइनेंसर, दूसरी तरह की मदद पहुंचाने वाले भी रडार पर आ गए हैं, जिनका ब्यौरा खंगाला जा रहा है।
सोमवार को माफिया अतीक के बेटे अली अहमद को कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। कौशांबी में उसका छोटा भाई अहजम कई युवकों के साथ पहुंच गया था, तब पुलिस ने प्राइवेट वाहनों की जांच की थी। कहा जा रहा है कि जब अली कोर्ट पहुंंचा तो बड़ी संख्या में समर्थकों के बीच अतीक के कई गुर्गे, हिस्ट्रीशीटर का बेटा और अपराधी भी मिलने के लिए कचहरी पहुंचे थे।
कुछ ऐसे भी शख्स थे, जिनकी गतिविधि संदिग्ध थी। तब पुलिस अधिकारियों ने अली की सुरक्षा को देखते हुए वहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अली से मिलने के लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से भी कई युवक आए थे।
पुलिस ने खंगाने सीसीटीवी वीडियो
ठीक उसी तरह से जब लखनऊ से उमर और झांसी जेल से अली को अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लाया जा रहा था। तब भी प्रदेश के अलग-अलग जिले और मध्य प्रदेश की कई गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थी, जिन्होंने टोल प्लाजा पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।
अब पुलिस टोल प्लाजा की घटना, कचहरी में मिलने के लिए पहुंचने गुर्गों के बीच कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए जांच कर रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में सीसीटीवी और वीडियो फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि कानूनी शिकंजा कसा जा सके। आर्थिक मदद पहुंचाने वालों की भी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।
